दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो के गार्ड पंकज धामा की पीट-पीटकर हत्या के मामले में जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है. बागपत के खेकड़ा निवासी पंकज की शनिवार (20 जून) सुबह मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं और आरोपियों को फांसी देने की मांग की है.
जानकारी के मुताबिक पंकज धामा पिछले 13 वर्षों से दिल्ली मेट्रो में नौकरी कर रहे थे. शुक्रवार रात उनकी ड्यूटी थी और शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह योगा एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर खेकड़ा लौट रहे थे. जैसे ही ट्रेन शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची और पंकज उतरने लगे, तभी कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई.
‘कहीं जांच की रिपोर्ट ही चोरी…’, राम मंदिर चढ़ावा मामले में अखिलेश यादव का SIT पर तंज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि युवकों ने पंकज पर लात-घूंसों की बरसात कर दी और उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हमले में गंभीर रूप से घायल पंकज धामा को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन में सवार होकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे. जीआरपी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन से 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पंकज के परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं. पंकज के पिता राजेंद्र सिंह धामा का कहना है कि अगर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी समय रहते हस्तक्षेप करते तो उनके बेटे की जान बच सकती थी. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है.
राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच कर लौटी SIT, 6 दिन में 150 से ज्यादा लोगों से पूछताछ, क्या कुछ मिला?
पंकज धामा अपने परिवार के मुख्य सहारा थे. उनके पीछे दो छोटे बच्चे, बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी हैं. परिजनों का कहना है कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई ऐसी घटना दोबारा न हो. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.