गोंडा में बिजली संकट से नाराज काशीराम कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार देर शाम 7 बजे गोंडा-लखनऊ हाईवे पर कमिश्नर आवास के सामने प्रदर्शन किया है। चार दिनों से बिजली न मिलने के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे विरोध में शामिल हुए। प्रदर्शन के कारण गोंडा-लखनऊ हाईवे पर वाहनों का आवागमन घंटों तक बाधित रहा। सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, सीओ नगर आनंद राय और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लगभग 30 मिनट तक प्रदर्शनकारियों को समझाया, जिसके बाद वे शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर अपने घरों को लौट गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि काशीराम कॉलोनी में चार दिन पहले जला हुआ विद्युत ट्रांसफार्मर जल्द ही बदल दिया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि चार दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया था, लेकिन बिजली विभाग कनेक्शन न होने का हवाला देकर उसे बदल नहीं रहा था। इससे उनके परिवारों और बच्चों को पानी और बिजली के अभाव में परेशानी हो रही थी। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने बताया कि काशीराम कॉलोनी में चार दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया था। चूंकि निवासियों ने विद्युत कनेक्शन नहीं लिए थे इसलिए बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया था। प्रदर्शनकारियों को कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं और आश्वासन के बाद आवागमन बहाल हो गया है। विरोध प्रदर्शन के चलते गोंडा से लखनऊ और लखनऊ से गोंडा आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
Source link
गोंडा में बिजली ना मिलने से लोगों में आक्रोश:हाईवे पर कमिश्नर आवास के सामने किया प्रदर्शन, 4 दिन बाद नही बदला ट्रांसफार्मर