Last Updated:
Saharanpur News: देश को पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता का नया मॉडल दिखाने वाला सहारनपुर नगर निगम अब एक और बड़ा धमाका करने जा रहा है. ‘स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो’ में राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी यहाँ की गोबर पेंट यूनिट ने अब सड़कों को चमकाने के लिए विशेष ‘शाइनिंग डिवाइडर पेंट’ तैयार कर लिया है. सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि नगर निगम ने इस केमिकल-मुक्त, बेहद सस्ते और घरों को एसी जैसी ठंडक देने वाले प्राकृतिक पेंट का पिटारा अब आम जनता के लिए भी खोल दिया है.
Saharanpur News: सहारनपुर नगर निगम द्वारा गोबर से प्राकृतिक पेंट तैयार कर आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ाया गया है. इसमें पेंट का एक और नया प्रारूप तैयार किया गया है, जिसको ‘शाइनिंग डिवाइडर पेंट’ का नाम दिया गया है. इतना ही नहीं, प्राकृतिक पेंट का पिटारा आम जनता के लिए भी खोल दिया गया है. यह पेंट बिना केमिकल और अन्य पेंट से सस्ता होने के साथ-साथ घर को ठंडक देने का काम भी करेगा. आपको बता दें कि सहारनपुर नगर निगम द्वारा संचालित ‘कान्हा उपवन गौशाला’ में आवारा सड़कों पर घूमने वाले लगभग 500 से अधिक गोवंशों का संरक्षण किया जा रहा है और उन्हीं के गोबर से इस प्राकृतिक पेंट का निर्माण किया जा रहा है.
‘स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो’ में मिल चुका है राष्ट्रीय पुरस्कार
सहारनपुर की ‘मां शाकंभरी कान्हा उपवन गौशाला’ में गाय के गोबर से उच्च गुणवत्ता वाला इको-फ्रेंडली प्राकृतिक पेंट तैयार किया जा रहा है. यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रही है, बल्कि आत्मनिर्भरता का एक बेहतरीन उदाहरण भी पेश कर चुकी है. सहारनपुर को इस अनूठी पहल के लिए ‘स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो’ में सस्टेनेबल सॉल्यूशन कैटेगरी में राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है. उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब इस गोबर पेंट यूनिट में ‘शाइनिंग डिवाइडर पेंट’ का निर्माण किया गया है. साथ ही निगम की पेंट फैक्ट्री में बनने वाले सभी पेंट आमजन के इस्तेमाल के लिए भी उपलब्ध करा दिए गए हैं, जो कि मार्केट में मिलने वाले पेंट से काफी सस्ते और केमिकल-मुक्त हैं.
प्रदेश का पहला नगर निगम, जिसने शुरू की यह अनोखी यूनिट
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉक्टर संदीप मिश्रा ने लोकल मीडिया से बात करते हुए बताया कि सहारनपुर नगर निगम प्रदेश का पहला ऐसा नगर निगम है, जिसने प्राकृतिक गोबर पेंट बनाने की यूनिट स्थापित की थी. इस पेंट यूनिट के लिए नगर निगम सहारनपुर को स्मार्ट सिटी इंडिया एक्सपो नोएडा में भारत का प्रथम पुरस्कार भी नवाचार के लिए मिला था. नगर निगम सहारनपुर अपनी जितनी भी शासकीय बिल्डिंग्स हैं, उनमें अपने इसी गोबर पेंट का इस्तेमाल कर रहा है, जिसका बहुत अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. इसी क्रम में हमने डिवाइडर पेंट का निर्माण करके एक नया नवाचार किया है.
एमल्शन और डिस्टेंपर के बाद सड़कों के लिए खास तैयारी
डॉ. मिश्रा ने बताया कि अभी तक हम पेंट को दो तरीकों से तैयार कर रहे थे, एमल्शन और डिस्टेंपर, जो केवल दीवारों के लिए था. डिवाइडर का पेंट अभी हमारे पास नहीं था, जिससे निगम के डिवाइडरों पर पेंट करने के लिए हमें बाहर से पेंट खरीदना पड़ता था. इसी को देखते हुए हमने ‘डिवाइडर पेंट’ को डेवलप किया है और अब जितने भी डिवाइडर हैं, उन पर हम अपने नगर निगम के इस प्राकृतिक पेंट से रंग-रोगन का कार्य करेंगे. इस पेंट को मार्केट में भी डिवाइडर पेंट के नाम से बेचा जाएगा. साथ ही हमारे जितने भी ठेकेदार हैं और निगम का जितना भी काम होगा, उसमें इसी प्राकृतिक पेंट का अनिवार्य इस्तेमाल किया जाएगा. अगर इस प्राकृतिक पेंट का इस्तेमाल आम जनता को भी करना है, तो वे एमल्शन और डिस्टेंपर पेंट का विकल्प चुन सकते हैं.
केमिकल-मुक्त और अष्ट लाभ से परिपूर्ण है यह प्राकृतिक पेंट
यह पेंट बहुत ही किफायती, अष्ट लाभ से परिपूर्ण और मार्केट में बिकने वाले अन्य पेंट के मुकाबले काफी सस्ता है. इसमें किसी भी प्रकार का कोई हानिकारक केमिकल नहीं है; खासकर इसमें हेवी मेटल जैसे लेड, जिंक और मर्करी, जो मानव शरीर के लिए बहुत ही नुकसानदायक होते हैं, उनका इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया गया है. इसलिए लोगों से अपील है कि इस प्राकृतिक पेंट का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करें. जब हम इस प्राकृतिक पेंट का इस्तेमाल करेंगे, तो हम अपनी प्रकृति के साथ-साथ गोवंश संरक्षण को भी बढ़ावा देंगे.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें