उत्तर प्रदेश के महोबा में देशी शराब ठेके के मुनीम से हुई लूट का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बदमाश सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत बरामदगी की है.
पुलिस के मुताबिक उसने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी, और जब बदमाशों ने पुलिस को देखा तो फायरिंग शुरू कर दी. जिस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला श्रीनगर थाना क्षेत्र के बरा गांव का है, जहां मंगलवार को बुलेट सवार बदमाशों ने देशी शराब ठेके के मुंशी शैलेंद्र कुमार को जान से मारने की धमकी देकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने एएसपी वंदना सिंह और सीओ चरखारी दीपक दुबे के नेतृत्व में श्रीनगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की चार संयुक्त टीमें गठित की थीं.
सिजहरी मार्ग पर की थी घेराबंदी
मुखबिर की सटीक सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने बरा तिगैला से सिजहरी मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास घेराबंदी की. खुद को घिरा देख और फंसता पाकर बुलेट सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया.
घायल बदमाशों की पहचान प्रदीप यादव निवासी मिरतला महोबा, और गोलू कुमार निवासी रोहिणी नई दिल्ली के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं इनके अन्य साथी विकास राजपूत और आयुष नौपाने को भी गिरफ्तार किया गया है.
सेल्समैन के बेटे ने बनाई थी लूट की योजना
एसपी शशांक सिंह ने बताया कि 23 जून को लूट की सूचना मिली थी. सर्विलांस डेटा पाकर जांच और चेकिंग के दौरान बुलेट सवार युवकों को चेकिंग के लिए रोका तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए हैं. पूछताछ में सामने आया कि शराब ठेके के सेल्समैन के बेटे विकास राजपूत ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की पूरी योजना बनाई थी और दो दिन तक रेकी की थी. गिरफ्तार बदमाशों में आयुष नौपाने मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है, जो नई दिल्ली के रोहिणी में रहता है.
पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई शत-प्रतिशत रकम यानी 55,200 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल, दो अवैध देसी तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा पीड़ित का पैन कार्ड, पहचान पत्र और शराब ठेके के हिसाब-किताब के कागजात भी मिले हैं. सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों और नेपाल से जुड़े हैं, इसलिए पुलिस अब इनका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है. महज 12 के भीतर इस सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण करने पर एसपी ने थाना पुलिस सहित एसओजी व सर्विलांस टीम की पीठ थपथपाई है.