राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया है. दिल्ली के पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष हैं. नियुक्ति के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और राज्य से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ‘बहुजन विरोधी सरकार’ को हटाने के मकसद से काम करेंगे. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया.
सितंबर 2024 में कांग्रेस में शामिल हुए थे गौतम
दलित समुदाय से आने वाले गौतम को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने मिले राज्य का प्रभार सौंपा गया है. दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे गौतम सितंबर 2024 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और इसके कुछ महीने बाद ही उन्हें पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष बनाया गया था.
राम मंदिर मामला: कइयों की ड्यूटी के बाद नहीं होती थी तलाशी, सिफारिश पर मिला था नोट गिनने का काम
गौतम को अविनाश पांडे के स्थान पर उत्तर प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पांडे इससे पहले राजस्थान और झारखंड प्रभारी की भूमिका निभा चुके थे. अपनी नियुक्ति के बाद गौतम ने कहा, ‘मेरा मकसद यही है कि खरगे जी और राहुल जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को फिर से मजबूत किया जाए और बीजेपी की बहुजन विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए. मैं इसी मकसद से काम करूंगा.’
‘बहुजन समाज राहुल गांधी को अपने नेता के रूप में देख रहा’
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का बहुजन समाज राहुल गांधी को अपने नेता के रूप में देख रहा है. उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है.