Last Updated:
Agra News: यूपी के आगरा जिला में पत्नी ने अपने जिस पति को मारकर बाथरूम में गाड़ दिया था, अब महिला पूरे मामले की परतें खोलती जा रही है. आरोपी पत्नी ने अब खुलासा किया है कि कैसे उसने अकेले ही पूरी घटना को अंजाम दिया और परिवार को भनक तक नहीं लगी.
मर्डर कांड को लेकर पत्नी का खुलासा
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिला में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या के बाद उसके शव को घर के बाथरूम में गाड़ने के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी रूबी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने अपना जुर्म कबूल तो किया ही, साथ ही उसने पुलिस को बताया कि उसने किस तरह से घटना को अंजाम दिया.
डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि आरोपी पत्नी रूबी शर्मा से जब पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि पति सुरेंद्र शर्मा आए दिन शराब पीकर मारपीट करता था. सुरेंद्र मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था. कुछ दिन पहले उनके खानदान के लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद उन लोगों के सुरेंद्र सहित पूरे परिवार पर केस दर्ज करवाया था.
कैसे उतारा मौत के घाट
शराब पीकर सुरेंद्र ने रूबी की पिटाई लगाई, जिसके बाद रूबी ने अपनी दोनों बेटियों को जेठ के घर भेज दिया और फिर पति सुरेंद्र को नींद की गोली देकर मौत के घाट उतार दिया. अभी तक की जांच में और पूछताछ में सामने आया कि पत्नी रूबी ने पति के शव को पहले बाथरूम में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया और फिर एक ट्रैक्टर बालू बाजार से मंगवाया. वह बालू घर के बाहर डलवाई गई और फिर रूबी ने ही बालू को घर के अंदर किया और बालू को पूरे बाथरूम में लगाया.
उसके बाद रूबी ने बाजार से 2 मजदूरों को बुलाया और फिर बाथरूम में कच्चा प्लास्टर करवा दिया. उसके बाद रूबी ने अपने जेठ अनिल शर्मा और सास को बताया कि सुरेंद्र का कुछ पता नहीं चल रहा है. मामले में थाना सिकंदरा में गुमशुदी दर्ज कराई गई और लगभग 45 दिन तक पुलिस सुरेंद्र की तलाश करती रही.
सास को बताई सारी बात
जिस बाथरूम में सुरेंद्र को गाढ़ा गया था, उसी बाथरूम का इस्तेमाल रूबी करती रही. जमीन के नीचे सुरेंद्र दफन था और ऊपर उसकी पत्नी नहाती रही. 3 जुलाई को रूबी ने अपनी सास को बताया कि घर के बाथरूम में पति गड़े हुए हैं, जिसके बाद पुलिस पहुंची और जांच शुरू की, बाथरूम खुदवाया गया और फिर कंकाल बाहर निकाला गया. डीसीपी का कहना है कि अभी तक की जांच में सामने आया कि वारदात महिला ने अकेले ही अंजाम दिया, लेकिन जांच की जा रही है. फॉरेसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचेगी.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…और पढ़ें