Last Updated:
IMD Monsoon Rain LIVE Updates: मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिश…और पढ़ें
राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में आज भारी बारिश की संभावना है.
देशभर में मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है. बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव और अरब सागर में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण पूरे भारत में मानसून बेहद सक्रिय हो गया है. इसके मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के कई हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
Monsoon Rain Live Updates: मुंबई-पुणे रेल रूट पर भूस्खलन का कहर, कई एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द, कई डायवर्ट
महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेल सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है. सोमवार तड़के मुंबई-पुणे के बीच सबसे व्यस्त रेल मार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया. कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन और खंडाला- मंकी हिल सेक्शन में हुए लैंडस्लाइड के कारण इस घाट सेक्शन की तीनों रेलवे लाइनें मलबे से पट गईं, जिसके बाद कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई अन्य ट्रेनों का रूट बदल दिया गया.
सेंट्रल रेलवे के अनुसार, पहला भूस्खलन कर्जत के नजदीक ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास हुआ. इसके कुछ देर बाद सुबह करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल के बीच मिडिल लाइन पर भी पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर रेलवे ट्रैक पर आ गिरे. दोनों घटनाओं के चलते मुंबई-पुणे घाट सेक्शन की सभी तीन रेलवे लाइनें प्रभावित हो गईं.
रेलवे अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा कारणों से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी और मलबा हटाने का अभियान शुरू किया. इंजीनियरिंग और ट्रैक मेंटेनेंस की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने में जुटी हैं.
Monsoon Rain Live Updates: गुजरात-महाराष्ट्र में कब तक कहर ढाहती रहेगी बारिश, डरा रही हैं ISRO की तस्वीरें
इसरो की सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बादलों का बड़ा घेरा बना हुआ है, जिनसे गुजरात-महाराष्ट्र के साथ पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार-झारखंड में ज़ोरदार बारिश हो रही है. इन तस्वीरों में दोनों सिस्टम में बादलों के ऊपरी हिस्से बहुत ठंडे और चमकदार सफ़ेद दिखाई दे रहे हैं, जो जोरदार तूफानी गतिविधि का संकेत हैं; इनसे भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
