उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (5 जुलाई) को विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की सरकारें हर जिले में माफिया पालती थीं और अपने गुर्गों से तमंचे बनवाती थीं, लेकिन आज उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अब कानून व्यवस्था, विकास और राष्ट्र सुरक्षा है.
योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित भाजपा के अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- ‘गैर यादव पिछड़ों की अनदेखी…’
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे लिए राष्ट्र की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और उनके लिए अपना लूट तंत्र मजबूत करना अहम था.” उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अपराध और माफिया का बोलबाला था, जबकि आज उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है.
सपा-कांग्रेस पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की चिंता इस बात को लेकर है कि जिन तबकों को वे जाति के नाम पर बांटते थे, उन्हें भाजपा की डबल इंजन सरकार ने गरीब कल्याण योजनाओं के जरिए मुख्यधारा से जोड़ दिया है. उन्होंने दावा किया कि अब विपक्षी दल थककर भारत की आस्था पर प्रहार कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में मौजूद नितिन नवीन और बीएल संतोष का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल को राष्ट्र को समर्पित किया है. उन्होंने कहा, “यह वही स्थल है जो भारत की आत्मा को भारत के लोगों से परिचित कराने वाले राष्ट्र के तीन महान पुरुषों – डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बना है.”
धारा 370 और अंत्योदय का भी किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि एक देश में दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर उनके सपने को साकार किया.
मुख्यमंत्री ने कहा, “मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के भीतर जितनी योजनाएं चली हैं, यह देश में बिना भेदभाव के अंतिम पायदान पर बैठे गरीब के लिए समर्पित हैं और अन्त्योदय की यह प्रेरणा पंडित दीनदयाल ने दी और उनके सपने को प्रधानमंत्री मोदी ने साकार किया. आज शासन की योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव गरीब आदमी को मिल रहा है.”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के लिए राजनीतिक स्थिरता जरूरी है और इसके सबसे बड़े प्रेरणा स्रोत अटल बिहारी वाजपेयी हैं. उन्होंने कहा कि 13 दिन की सरकार गिरने के बाद भी वाजपेयी ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ा और देश को राजनीतिक स्थिरता के साथ सुशासन का मॉडल दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पिछले नौ वर्षों से डबल इंजन की सरकार इसी मॉडल पर काम कर रही है और इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है.