संभल जनपद को मंगलवार को अपना पहला स्थायी जिला पंचायत भवन मिल गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री और प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौड़ ने दोपहर 2 बजे इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण विश्नोई भी मौजूद रहे। खराब मौसम और अन्य कार्यक्रमों के कारण उद्घाटन में निर्धारित समय से देरी हुई। यह जिला पंचायत कार्यालय संभल की चंदौसी तहसील के संभल रोड स्थित बेहटा जयसिंह गांव में बनाया गया है। इसका निर्माण ₹7.25 करोड़ की लागत से मात्र 16 महीने में पूरा हुआ है। मंत्री जेपीएस राठौड़ ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति और सुशासन स्थापित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंत्री जेपीएस राठौर ने जिलाधिकारी को जल्द से जल्द जिला मुख्यालय का निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे यहां की जनता को सरकार की मंशा के अनुरूप बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। लगभग 300 एकड़ भूमि पर जिला मुख्यालय के साथ अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। मंत्री राठौड़ ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2027 में 2017 के चुनाव परिणाम दोहराए जाएंगे। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके सांसद और विधायक उनके नियंत्रण में नहीं हैं और पार्टी के पास कोई दिशा, मुद्दा या रोडमैप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा केवल जातिवाद का शोर मचा रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। संभल को यह स्थायी कार्यालय साढ़े 15 साल बाद मिला है। तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने 28 सितंबर 2011 को मुरादाबाद, संभल, चंदौसी और बदायूं की गुन्नौर तहसील को मिलाकर ‘भीम नगर’ जनपद बनाया था। 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार आने के बाद जनपद का नाम बदलकर संभल कर दिया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व में जिला मुख्यालय की घोषणा की थी। जिला कलेक्ट्रेट बहजोई सभागार में मंत्री जीपीएस राठौर ने डीएम-एसपी सहित सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है। सरकार की योजनाओं को लाइन के अंतिम पंक्ति में खड़े हर व्यक्ति तक पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए हैं। इससे पहले उन्होंने जिला सूचना विभाग के नवनिर्मित कार्यालय का भी उद्घाटन किया है।
Source link
संभल को पहला स्थायी जिला पंचायत भवन मिला:राज्यमंत्री ने उद्घाटन किया, 7.25 करोड़ में बना