मुरादाबाद में मंगलवार को भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच लाइनपार स्थित धक्का बिजलीघर में अजीब नजारा सामने आया।
अपनी शादी से एक दिन पहले एक दूल्हा बिजली नहीं आने की शिकायत लेकर खुद बिजलीघर पहुंच गया। रामलीला मैदान के पास रहने वाले युवक की बुधवार को शादी है। घर में बारात की तैयारियां, रिश्तेदारों का आना-जाना और अन्य रस्में चल रही थीं।
इसी दौरान इलाके की बिजली गुल हो गई। काफी देर तक आपूर्ति बहाल नहीं होने पर दूल्हा खुद बिजलीघर पहुंचा और अधिकारियों से कहा कि कल मेरी शादी है, घर में अंधेरा है, जल्द बिजली चालू कराइए। दूल्हे की बात सुनकर बिजलीघर में मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
उधर, दौलतबाग बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह करीब 10 बजे हाईटेंशन लाइन का जंपर टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दौलतबाग, तहसील स्कूल और दीवान का बाजार क्षेत्र के लोगों को करीब छह घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी।
बिजलीघर का फोन नहीं उठने पर लोगों ने अधिकारियों से संपर्क किया, तब जाकर फॉल्ट की जानकारी मिल सकी। शाम करीब चार बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। बुद्धि विहार क्षेत्र में दोपहर के समय लो और हाई वोल्टेज की समस्या भी बनी रही।
कभी कम वोल्टेज से घरेलू उपकरण ठीक से नहीं चले तो कभी हाई वोल्टेज के कारण कई घरों की एलईडी खराब हो गईं। जांच में फ्यूज ढीला मिलने पर उसे ठीक किया गया, जिसके बाद वोल्टेज सामान्य हो गया।
सीतापुरी क्षेत्र में एबीसी वायर में आग लगने से भी कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि दौलतबाग क्षेत्र में क्षतिग्रस्त जंपर बदल दिया गया है और सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।