UP Anganwadi Bharti 2026: उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए आंगनवाड़ी में नौकरी पाने का अच्छा मौका आया है. राज्य के कई जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता (Anganwadi Worker) के खाली पदों पर नई भर्ती शुरू हो गई है. खास बात यह है कि इस भर्ती में किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं होगी.उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा. भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं और इच्छुक महिलाएं निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकती हैं.
किन जिलों में निकली है भर्तियां?
उत्तर प्रदेश सरकार ने फिलहाल छह जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इनमें मेरठ, बागपत, कन्नौज, बिजनौर, कानपुर नगर और ललितपुर शामिल हैं.सभी जिलों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अलग-अलग तय की गई है.इन छह जिलों में कुल 1160 पदों पर भर्ती की जाएगी.
किस जिले में कितनी भर्तियां?
मेरठ जिले में 180 पदों पर भर्ती होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 है.बागपत में 261 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं.यहां आवेदन 16 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं.कन्नौज जिले में 125 पद खाली हैं और आवेदन की अंतिम तिथि 16 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है.बिजनौर में 260 पदों पर भर्ती होगी. यहां आवेदन 15 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे.कानपुर नगर में 259 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं. यहां भी अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 है.ललितपुर जिले में 75 पदों पर भर्ती निकली है और यहां आवेदन की आखिरी तारीख 9 जुलाई 2026 है.
आवेदन शुल्क नहीं देना होगा
इस भर्ती की एक और बड़ी खासियत यह है कि आवेदन करने के लिए किसी भी उम्मीदवार से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. सभी पात्र महिलाएं पूरी तरह निशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं.उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 12वीं यानी इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है. यदि किसी महिला के पास इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता जैसे ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन है तो उसे मेरिट तैयार करने में इसका लाभ मिल सकता है.
आयु सीमा क्या है?
1 जनवरी 2026 के अनुसार उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए.आयु की गणना हाईस्कूल की अंकतालिका में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर की जाएगी.
स्थानीय निवासी होना जरूरी
इस भर्ती में वही महिलाएं आवेदन कर सकती हैं जो संबंधित जिले के उसी ग्राम पंचायत, ग्राम सभा या शहरी वार्ड की स्थायी निवासी हों जहां के लिए भर्ती निकली है.दूसरे गांव, दूसरे वार्ड या दूसरे जिले की महिलाओं के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
बिना परीक्षा कैसे होगा चयन?
इस भर्ती में उम्मीदवारों को किसी भी तरह की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी.चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा. मेरिट सूची उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर तैयार की जाएगी. जिन महिलाओं के अंक और योग्यता बेहतर होगी उन्हें प्राथमिकता मिलेगी.अंतिम चयन सूची आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवार सबसे पहले उत्तर प्रदेश आंगनवाड़ी भर्ती की आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर जाएं.यदि पहली बार आवेदन कर रही हैं तो New Applicant Registration पर क्लिक करके नया पंजीकरण करें. इसके लिए नाम, पिता का नाम, जिला, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, ईमेल आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा.रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉग इन करें.इसके बाद आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, पता, आयु, मूल निवास, आय और जाति से जुड़ी सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें.इसके बाद पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित आकार में स्कैन करके अपलोड करें.फॉर्म भरने के बाद सभी जानकारियां एक बार अच्छी तरह जांच लें और फिर अंतिम रूप से सबमिट कर दें. भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट आउट अपने पास सुरक्षित रखें.
भर्ती से जुड़ी अहम जानकारी
यह भर्ती उत्तर प्रदेश आंगनवाड़ी भर्ती 2026 के तहत निकाली गई है. फिलहाल मेरठ, बागपत, कन्नौज, बिजनौर, कानपुर नगर और ललितपुर में कुल 1160 पदों पर आवेदन मांगे गए हैं.ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर चल रही है. आवेदन की अंतिम तिथि जिले के अनुसार 9 जुलाई से 17 जुलाई 2026 के बीच है.इस भर्ती में केवल 12वीं पास महिलाएं आवेदन कर सकती हैं. आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है और चयन बिना परीक्षा केवल मेरिट के आधार पर किया जाएगा.उम्मीदवार आवेदन करने से पहले अपने जिले का आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें. आवेदन में किसी भी तरह की गलत जानकारी देने पर फॉर्म निरस्त किया जा सकता है. साथ ही सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें ताकि आवेदन करते समय किसी तरह की परेशानी न हो.