Last Updated:
Bijnor News: यूपी के बिजनौर में मरे हुए सांप को मुंह में डालकर स्टंट करना और रील बनाना एक शख्स को भारी पड़ गया. मरे सांप के जहर से शखस की तबीयत बिगड़ गई. पहले तो परिजन झाड़ फूंक के चक्कर में पड़े रहे, लेकिन फिर अस्पताल लेकर भागे. जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया.
बिजनौर में मरे हुए सांप से स्टंट करना पड़ा भारी
बिजनौर. यूपी के बिजनौर जिले में एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए मरे हुए सांप से खेल दिखाना भारी पड़ गया. मरे हुए सांप को मुंह में डाल कर वीडियो बनाने के चक्कर में वह अस्पताल पहुंच गया. मरे सांप के जहर की वजह से उसके मुंह से झाग निकलने लगा. इस बीच परिजन झाड़-फूंक में उलझे रहे. जब हालात ज्यादा बिगड़े तो उसे अस्पताल लेकर दौड़े. युवक की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया.
पूरी घटना बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर की है. गुरुवार शाम को घर में निकले सांप को मारने के बाद युवक ने उसे अपने मुंह में डालकर करतब दिखाना शुरू कर दिया. कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन पहले उसे झाड़-फूंक कराने ले गए, लेकिन हालत लगातार गंभीर होती गई. आखिरकार उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
मरे हुए सांप को मुंह में डाला
जानकारी के अनुसार, शादीपुर निवासी 42 वर्षीय सलीम पुत्र घसीटा के घर में गुरुवार शाम एक सांप निकल आया था. सलीम ने सांप को मार दिया, लेकिन इसके बाद उसने ऐसा कदम उठाया, जिसने सभी को चौंका दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने मृत सांप को हाथ में उठाया और कई बार उसे अपने मुंह के अंदर डालकर बाहर निकालने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी.
बिगड़ने लगी तबीयत
कुछ ही मिनटों बाद सलीम की तबीयत खराब होने लगी. उसे बेचैनी, घबराहट और कमजोरी महसूस हुई. परिजनों ने पहले इसे सामान्य समस्या समझते हुए स्थानीय झाड़-फूंक कराने वालों का सहारा लिया. काफी देर तक वहां प्रयास किए गए, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं आया. जब वह अचेत होने लगा तो परिवार के लोग उसे नहटौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल हायर सेंटर भेज दिया गया. फिलहाल सलीम का उपचार हायर सेंटर में जारी है. डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए हैं. इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और जोखिम भरे व्यवहार के खतरनाक परिणामों को सामने ला दिया है.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें