Last Updated:
Fatehpur News: 24 अप्रैल को फतेहपुर के खागा क्षेत्र में युवती के साथ गैंगरेप के मुख्या आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. एक लाख के इनामी आरोपी बबलू सिंह उर्फ़ भूत को पुलिस ने दोनों पेअर में गोली मारी है. आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती के साथ गैंगरेप किया था.
फतेहपुर में गैंगरेप के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़
फतेहपुर. यूपी के फतेहपुर में मंगेतर के साथ घूमने गई युवती से गैंगरेप के मामले में फरार आरोपी का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है. खागा कोतवाली क्षेत्र में हुई इस गैंगरेप की घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. आरोपी बबलू सिंह उर्फ भूत पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है.
पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को खागा क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी के पास एक युवती अपने मंगेतर के साथ घूमने गई थी. इसी दौरान बबलू सिंह और उसके साथियों ने युवती के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया था. इतना ही नहीं पीड़िता और उसके मंगेतर के साथ मारपीट भी की गई थी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे. इस मामले में पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. बबलू सिंह पिछले 12 दिनों से फरार था. पुलिस की टीम को सूचना मिली कि वह खागा क्षेत्र में छिपा हुआ है. टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की. मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई. गोली लगने से बबलू सिंह के दोनों पैर घायल हो गए.
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1600 रुपये नकद, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं. घायल आरोपी को इलाज के लिए फतेहपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलग्न था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. पूरे मामले की जांच जारी है और अन्य यदि कोई आरोपी बचा है तो उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
पीड़िता ने लगाए थे पुलिस पर आरोप
इस घटना के बाद से ही इलाके में भारी आक्रोश था. इस घटना के बाद से ही सियासत भी तेज हो गई थी. पुलिस पर मुख्य आरोपी के खिलाफ एक्शन लेने का भी दबाव बनाया गया था. पुलिस ने आश्वासन दिया था कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इससे पहले बुधवार को पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है. परिजनों ने भी नाराजगी जताई थी.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें