बिकरू पुलिस चौकी परिसर में 29 जून को दो पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के दौरान जमकर पथराव हुआ। इस घटना में जादेपुर ग्राम प्रधान पति श्रवण कुमार शुक्ला घायल हो गए और उनकी कार भी तोड़ दी गई। पुलिसकर्मियों को भी मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
जादेपुर ग्राम प्रधान पति श्रवण कुमार शुक्ला ने बताया कि गांव के रहने वाले विनय तिवारी की शादी एक साल पहले औरैया के बेला कस्बा निवासी सोनी के साथ हुई थी। पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। सोनी ने पुलिस से शिकायत की थी। विवाद के निस्तारण के लिए 29 जून चौकी बुलाया गया था। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों के सामने ही पथराव शुरू हो गया।