अमेठी पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। गौरीगंज पुलिस ने अंतर्जनपदीय चोरों के एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 26 बैट्रियां, 5 इन्वर्टर, 38,400 रुपये नकद, एक ब्रेजा कार और एक लोडर वाहन बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, गौरीगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर, नेता रोड पर खड़ी एक संदिग्ध ब्रेजा कार से सुभाष चंद्र पाठक, राजकुमार तिवारी और मनीष कुमार गुप्ता को पकड़ा गया। कार की जांच में उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने बताया कि वे अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, अमेठी, प्रतापगढ़, बनारस और प्रयागराज सहित कई जिलों में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों की रेकी करते थे और सुनसान दुकानों से बैट्री व इन्वर्टर चोरी करते थे। वे वारदात को अंजाम देने के लिए ब्रेजा कार पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर, सैंठा नाला पुल के पास से मोहन वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास लोडर वाहन में चोरी का सामान लदा हुआ था। कुल बरामदगी में 18 नई और 8 पुरानी बैट्रियां, 5 इन्वर्टर, 38,400 रुपये नकद, ब्रेजा कार, लोडर वाहन, 4 मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त सरिया व हथौड़ा जैसे उपकरण शामिल हैं। गिरफ्तार सुभाष चंद्र पाठक पर बस्ती और अयोध्या में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राजकुमार तिवारी पर संग्रामपुर थाने में एक मामला दर्ज है। ये सभी आरोपी अमेठी और बस्ती जिले के निवासी हैं। गौरीगंज थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं और विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक बी.एल. रावत, उप निरीक्षक रामकरन सिंह, कांस्टेबल सौरभ अग्रहरि, कांस्टेबल जितेंद्र यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया।गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी ने 500 रुपए नगद इनाम देने की घोषणा की है।
Source link
अन्तर्जनपदीय चोर गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार:26 बैट्री, 5 इन्वर्टर, 38 हजार 400 रुपए नकद और ब्रेजा कार बरामद