प्रयागराज में सरकारी योजनाओं के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के अभियान बैंकों की शिथिलता के कारण धीमे पड़ गए हैं। गुरुवार को संगम सभागार में आयोजित ‘विशेष जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति’ की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हर्षिका सिंह ने बैंकों के लचर प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बैठक के दौरान जनपद के क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो की विस्तृत समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति न होने पर सीडीओ ने बैंक अधिकारियों को फटकार लगाई और सीडी रेशियो में सुधार के लिए ऋण वितरण प्रक्रिया में तुरंत तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक केवल जमा लेने का केंद्र न बनें, बल्कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराकर जनपद के आर्थिक विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। जिन बैंकों का प्रदर्शन मानक के अनुरूप नहीं है, उन्हें विशेष कार्ययोजना तैयार कर अपने प्रदर्शन में सुधार करने का अल्टीमेटम दिया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीडीओ ने प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी (ODOP), एनआरएलएम (NRLM), प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन और पीएमएफएमई (PMFME) जैसी योजनाओं के तहत लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को बढ़ावा देना शासन की प्राथमिकता है। इसलिए बैंक अधिकारी विभागीय समन्वय स्थापित करें और पात्र आवेदकों को बिना किसी अनावश्यक देरी के ऋण स्वीकृत करें। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) को बैंकों के प्रदर्शन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक तिमाही प्रगति की समीक्षा होगी और लक्ष्यों की पूर्ति न करने वाले बैंक अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सीडीओ ने जोर देकर कहा कि बैंकिंग सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार का तकनीकी बहाना स्वीकार्य नहीं होगा।
Source link
ऋण न देने से प्रयागराज का सीडी रेशियो गड़बड़ाया:सीडीओ ने बैंक के अधिकारियों की लगाई फटकार, योजनाओं के लिए ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश