कासगंज में छात्र-छात्राओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। रेनू गौड़ ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर ऐसे सभी संस्थानों में सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा है, जहाँ बड़ी संख्या में लोग आते हैं या विद्युत भार अधिक रहता है। इनमें कोचिंग सेंटर, विद्यालय, महाविद्यालय, जिम, पुस्तकालय, छात्रावास, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और बहुमंजिला भवन शामिल हैं। इन संस्थानों में अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, सुरक्षित विद्युत वायरिंग, दिशा-सूचक संकेतक और आपदा के समय सुरक्षित निकासी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। रेनू गौड़ ने बताया कि हाल के दिनों में देशभर में हुई अग्निकांड की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर आवश्यकता को उजागर किया है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर विशेष निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकास की विशेष जांच की जाएगी। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संस्थानों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संचालन बंद कराना भी शामिल हो सकता है।
Source link
कासगंज में अग्नि-विद्युत सुरक्षा अभियान चलेगा:कोचिंग-संस्थानों में फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य, होगी कार्रवाई