उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में माधवपुर के पास उस समय चीख-पुकार मच गयी, जब सरिया से लदा हुआ ट्रक सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गया. जिसमें ट्रक के नीचे सरिया से दबकर तीन मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. और हादसे के समय चार मजदूरों ने ट्रक से कूद कर अपनी जान बचा ली. स्थानीय लोगों ने और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू करते हुए शवों को बाहर निकाल कर जिला चिकित्सालय पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज हादसे की जांच शुरू कर दी गयी है. हादसे की वजह ड्राईवर का स्टेयरिंग पर कंट्रोल खोना माना जा रहा है. सीएम योगी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए स्थानीय अधिकारियों को राहत एवं बचाव के निर्देश दिए हैं.
दो सगे भाइयों की मौत से कोहराम
सरिया लदे ट्रक की चपेट में आने से तरबगंज क्षेत्र के चांदपुर निवासी 45 वर्षीया राजेन्द्र, उसका सगा भाई रविन्द्र और राम गुलाम की मौके पर ही मौत हो गयी. तीनों वहीं खेत में मजदूरी कर रहे थे. दो सगे भाइयों और मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है.परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: यूपी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी, बिजली बिल पर विद्युत नियामक आयोग का अहम फैसला
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि कोतवाली देहात में सरिये से लदे ट्रक पलटने से 3 मजदूर की मौत हो गई है. कोतवाली देहात पुलिस पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है. हादसे की वजह ड्राईवर को नींद की झपकी की वजह से कंट्रोल खोना बताया जा रहा है. जो भी जांच रिपोर्ट आएगी उसके मुताबिक आगे कार्रवाई की जाएगी.
उधर मृतक के परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे और इस मामले में कार्रवाई की मांग की है. क्योंकि उनकी आर्थिक स्थिति इन्हीं के सहारे थी. फिलहाल मदद का आश्वासन दिया गया है.
यह भी पढ़ें: ‘यूपी का विधानसभा चुनाव सितंबर में करा दें, हम तैयार हैं…’ अखिलेश यादव का बड़ा बयान