एटा के जलेसर में एक औद्योगिक इकाई से 670 बोरी यूरिया बरामद होने के बाद भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने पूरे प्रकरण की प्रदेशव्यापी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित अपने बयान में भानु प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश का किसान खेती के मौसम में डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर लगातार परेशान रहता है। ऐसे में बड़ी मात्रा में खाद का बरामद होना गंभीर अनियमितताओं की ओर संकेत करता है। उन्होंने आशंका जताई कि जलेसर में 670 बोरी यूरिया मिलने की घटना अकेली नहीं हो सकती। सिंह ने मांग की कि पूरे प्रदेश में खाद के भंडारण और वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। साथ ही, यह भी जांचने को कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में यूरिया वहां कैसे पहुंची और उसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जा रहा था। भाकियू (भानु) का कहना है कि खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी किसानों के हितों पर सीधा प्रहार है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने सरकार से प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर खाद के भंडारण, परिवहन और वितरण की गहन जांच कराने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर एसडीएम पीयूष रावत ने एक औद्योगिक इकाई पर छापेमारी कर यह यूरिया बरामद की थी। मामले में संबंधित लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है और प्रशासन द्वारा आगे की जांच की जा रही है। भाकियू (भानु) ने कहा है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर मिलीभगत या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
Source link
जलेसर में 670 बोरी यूरिया बरामद:भाकियू (भानु) ने प्रदेशव्यापी जांच की मांग की, डीएम ने की थी छापेमारी