हमीरपुर के सुमेरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सोमवार शाम लगभग 6 बजे एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक दरोगा मेडिकल रिपोर्ट समय पर पूरी न करने पर डॉक्टर को मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देते हुए दिख रहा है। डॉक्टर ने काम के अत्यधिक दबाव का हवाला देते हुए दरोगा को बाहर इंतजार करने को कहा था। वीडियो की पड़ताल में सामने आया कि धमकी देने वाला दरोगा सुमेरपुर थाने में तैनात सुरेंद्र यादव है। वह सोमवार दोपहर दो बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर बिन्देश से मेडिकल रिपोर्ट बनवाने गया था। 24 घंटे बाद भी रिपोर्ट तैयार न होने पर दरोगा ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई और दरोगा ने मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी।
डॉक्टर और दरोगा के बीच बहस के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। दरोगा ने वीडियो बनाने वाले को मोबाइल बंद करने की धमकी भी दी, लेकिन रिकॉर्डिंग जारी रही। डॉक्टर बिन्देश वर्मा ने बताया कि वह ओपीडी में मरीजों को देख रहे थे, तभी दरोगा ने आकर अभद्रता शुरू कर दी। डॉक्टर के अनुसार, वह दरोगा को कागजात की प्रक्रिया समझा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वहां अन्य चिकित्सक और मरीज मौजूद न होते, तो दरोगा उन्हें पीट भी सकता था। डॉक्टर ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात कही है। थाना प्रभारी पवन पटेल ने जानकारी दी कि उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव मेडिकल रिपोर्ट लेने अस्पताल गए थे। उनके अनुसार, कागजात 24 घंटे से जमा थे, लेकिन रिपोर्ट तैयार नहीं हुई थी, जिस पर उपनिरीक्षक ने नाराजगी व्यक्त की थी। वीडियो वायरल होने के बाद हमीरपुर एसपी मृगांक शेखर पाठक ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने रात 9 बजे सोशल मीडिया सेल के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई कि उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव को लाइन हाजिर कर दिया है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
Source link
दरोगा ने डॉक्टर को दी धमकी:एसपी ने किया लाइन हाजिर, जांच के आदेश दिए