अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर जारी विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार लखनऊ पहुंचे. उनके दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए तंज कसा. अखिलेश ने लिखा, “अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आए हैं, ‘दर्शन’ करने नहीं जाएंगे?”
उनके इस बयान को राम मंदिर चढ़ावा विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, बीजेपी की ओर से इस टिप्पणी पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. नितिन नवीन का यह दौरा संगठनात्मक बैठकों और पार्टी कार्यक्रमों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
‘पहले यूपी में तमंचे बनते थे, अब ब्रह्मोस…’, CM योगी आदित्यनाथ का सपा-कांग्रेस पर हमला
संगठन को मजबूत करने पर रहा फोकस
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के चुनावी दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लिया. पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा उनके दौरे का मुख्य एजेंडा माना जा रहा है.
लखनऊ में उन्होंने उत्तर प्रदेश बीजेपी की नई टीम के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया. बैठक में संगठन की कार्यशैली, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई. पार्टी नेताओं के मुताबिक, संगठन को और सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया.
सांसदों और विधायकों के साथ भी हुई अहम बैठक
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन ने लखनऊ के होटल ताज में उत्तर प्रदेश से बीजेपी के सांसदों और विधायकों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई.
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- ‘गैर यादव पिछड़ों की अनदेखी…’
एक ओर बीजेपी संगठनात्मक बैठकों में व्यस्त रही, वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया. खास बात यह रही कि अखिलेश ने अपने बयान में सीधे तौर पर लिखा, “अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आए हैं, ‘दर्शन’ करने नहीं जाएंगे?”