मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि विकास का नया मॉडल बन रहा है. डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, फार्मा पार्क और रोजगार के नए अवसरों ने क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर आधारित है. जबकि सपा और कांग्रेस सत्ता में रहते परिवारवाद में लिप्त रहती हैं और सत्ता से बाहर होने पर जाति-धर्म के नाम पर समाज को बांटने में लग जाती हैं.
चाचा शिवपाल को तिरछी नजर से भी नहीं देखना चाहते अखिलेश यादव, ओपी राजभर ने किया एक और दावा
विकसित भारत के लिए पंच प्रण जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के लिए पंच प्रण का मंत्र दिया. गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत का सम्मान, सेना व सुरक्षा बलों का सम्मान, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्य इन पंच प्रणों का पालन कर ही हम विकसित भारत का लक्ष्य हासिल कर सकते हैं. राम मंदिर इसका जीवंत उदाहरण है.
सपा-कांग्रेस ने किया था उपेक्षा
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए गांधी परिवार और सपा के लिए सैफई परिवार ही महत्वपूर्ण रहा. इन दलों ने बुंदेलखंड को उपेक्षित रखा. माफिया राज, अवैध खनन और पलायन की समस्या चरम पर थी. आज माफिया की कमर टूट चुकी है या मिट्टी में मिल गया है.
अब युवा पलायन नहीं कर रहे
सीएम योगी ने कहा कि पहले बुंदेलखंड का युवा पलायन करता था, लेकिन अब यहां सरकारी नौकरियां, उद्योग और स्वरोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं. हर घर जल योजना से बहन-बेटियों को सिर पर घड़े ढोने की जरूरत नहीं रही. अर्जुन सहायक परियोजना, रतौली बांध जैसी योजनाओं ने किसानों की आय बढ़ाई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. ब्रह्मोस मिसाइल का जिक्र करते हुए उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाएं.
कार्यक्रम में सांसद अनुराग शर्मा, राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, महापौर बिहारी लाल आर्य, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है, जबकि विपक्ष विभाजनकारी राजनीति में लगा हुआ है.
अलीगढ़ में 22 जून को CM योगी आदित्यनाथ की विशाल जनसभा, नुमाइश ग्राउंड में तैयारियां तेज