रायबरेली के मुंशीगंज स्थित शहीद स्मारक परिसर में बना राणा बेनी माधव बख्श सिंह पार्क उपेक्षा का शिकार हो गया है। लोगों को स्वस्थ वातावरण और सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से बना यह पार्क, देखरेख के अभाव में जर्जर होता जा रहा है। इस पार्क का लोकार्पण 20 नवंबर 2018 को तत्कालीन स्टाम्प तथा न्यायलय शुल्क पंजीयन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने किया था। लगभग 60 लाख रुपये की लागत से बने इस पार्क में नक्षत्र वाटिका, योग वेलनेस सेंटर और अन्य जन-सुविधाएं विकसित की गई थीं। हालांकि, लोकार्पण के कुछ ही वर्षों बाद यह पार्क सरकारी उदासीनता का शिकार हो गया है। फिटनेस प्रेमियों के लिए लगाई गई जिम मशीनें टूट चुकी हैं और उपयोग लायक नहीं बची हैं। देखरेख के अभाव में पार्क में लगे फूलों के पेड़ सूख गए हैं, जिससे हरियाली गायब हो गई है। गार्डन की नियमित सफाई न होने से चारों ओर झाड़ियाँ उग आई हैं। परिसर में बना शौचालय भी बदहाल स्थिति में है, जहाँ पानी की आपूर्ति न होने के कारण आगंतुकों को परेशानी होती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर संवारे गए इस पार्क की प्रशासनिक उपेक्षा के कारण यह वीरान हो गया है। पार्क की यह स्थिति न केवल सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों का भी हनन है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल ध्यान देने और पार्क का कायाकल्प कर इसे पुनः उपयोग योग्य बनाने की मांग की है।
Source link
रायबरेली का राणा बेनी माधव पार्क बदहाल:60 लाख की लागत से बना, चारों तरफ उगी घास