लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर की इमारत में भीषण अग्निकांड हुआ। इस हादसे में बाराबंकी के दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहम्मद अम्मार (24) और मो. शहजान (19) के रूप में हुई है।नगर कोतवाली क्षेत्र के लखपेड़ाबाग मोहल्ले में हनफिया मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद अम्मार पुत्र मंसूर आलम की आग की चपेट में आने से मृत्यु हुई। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, अम्मार लखनऊ में उसी इमारत में ग्राफिक्स डिजाइनर के रूप में कार्यरत थे, जहां कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था। आग लगने के समय वह भवन के अंदर मौजूद थे और गंभीर रूप से झुलस गए थे। अम्मार के मित्र फैज अहमद खान ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले ही उनकी अम्मार से बात हुई थी। फैज के अनुसार, अम्मार अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाइयों के नाम उमैर और अल्तमश हैं। अम्मार के पिता मंसूर आलम की कुरौली में वेल्डिंग की दुकान है। इसी अग्निकांड में तहसील फतेहपुर के मोहल्ला काजीपुर निवासी मो. शहजान पुत्र मो. इमरान की भी जान चली गई। आग लगने के बाद शहजान ने अपनी मां नसरीन फातिमा को फोन पर बताया था कि इमारत में आग लग गई है और वह अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही जानकीपुरम में रह रही उनकी मां रिश्तेदारों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं, जहाँ उन्हें बेटे का शव मिला।
Source link
लखनऊ अग्निकांड में बाराबंकी के दो युवकों की मौत:लखपेड़ाबाग के अम्मार और फतेहपुर के मो. शहजान ने गंवाई जान