शामली में लगातार हो रही बारिश का असर अब सरकारी स्कूलों पर भी दिखाई देने लगा है। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव गोहरनी स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 में बारिश के बाद स्कूल परिसर और कक्षाओं में पानी भर गया, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो गई। जलभराव के बीच बच्चों को स्कूल आने-जाने और कक्षाओं तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण विद्यालय परिसर तालाब में तब्दील हो गया है। मौके की तस्वीरों में बच्चे भरे हुए पानी के बीच से होकर स्कूल आते-जाते और खेलते नजर आ रहे हैं। जलभराव के चलते शिक्षण कार्य भी प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। यही वजह है कि हर वर्ष बारिश के दौरान स्कूल परिसर में पानी भर जाता है और बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। उनका आरोप है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में विद्यालय प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय परिसर से तत्काल जलभराव हटाने तथा पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।
Source link
शामली के प्राथमिक स्कूल में बारिश से जलभराव:कक्षाओं तक पहुंचा पानी, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित