सुल्तानपुर में बुधवार दोपहर लखनऊ-बलिया हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। यह घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर लपटा गांव के पास हुई, जब वे दवा लेने जा रहे थे। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के करौंदी निवासी अमर बहादुर (30) अपनी मां ममता देवी (55) के साथ मोटरसाइकिल पर मोतिगरपुर दवा दिलाने जा रहे थे। दोपहर लगभग 12:30 बजे मोतिगरपुर के शाहपुर लपटा के पास जौनपुर से सब्जी पहुंचाकर लौट रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल लगभग 5 फीट ऊपर उछलकर एक पेड़ से टकराई और फिर 30 मीटर दूर एक दीवार से जा लगी। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अमर बहादुर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल ममता देवी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ममता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अमर बहादुर चंडीगढ़ में फर्नीचर का काम करते थे और तीन दिन पहले ही अपने घर आए थे। वह अपने दो भाइयों विजय और अजय में सबसे बड़े थे। उनके माता-पिता गांव में रहते हैं। अमर बहादुर की पत्नी का नाम अर्चना है और उनका डेढ़ साल का एक बेटा अयांश है। मोतिगरपुर एसओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सुल्तानपुर में मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत:लखनऊ-बलिया हाइवे पर पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी, दवा लेने जा रहे थे