Last Updated:
Firozabad Glass Bangles Demand: सावन का पवित्र महीना शुरू होने से पहले ही सुहागिनों के सोलह श्रृंगार के लिए कांच की चूड़ियों का बाजार पूरी तरह सज चुका है. चूड़ियों के लिए दुनिया भर में मशहूर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में इन दिनों हरे रंग की फैंसी और प्लेन चूड़ियों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. सावन में हरी चूड़ियों की भारी मांग को देखते हुए चूड़ी कारखानों और गोदामों में दिन-रात काम चल रहा है. स्थानीय दुकानदारों को अभी से देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों रुपये के एडवांस ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं.
फिरोजाबाद: महिलाओं के सोलह श्रृंगार में कांच की चूड़ियों का एक बेहद खास महत्व होता है. शादी के बाद सुहागिन महिलाओं की कलाई में चूड़ियों की खनक हमेशा गूंजती रहती है और यही वजह है कि महिलाएं हमेशा नए-नए डिजाइनों की चूड़ियां खरीदना पसंद करती हैं. कांच के इस खूबसूरत कारोबार के लिए उत्तर प्रदेश का फिरोजाबाद शहर पूरी दुनिया में मशहूर है. इस बार भी सावन का महीना शुरू होने से पहले ही बाजार में हरे कांच की चूड़ियों की बंपर डिमांड देखने को मिल रही है. कारखानों में चूड़ियां तैयार होने लगी हैं और दुकानदारों के पास अभी से ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है.
देश की सबसे बड़ी चूड़ी मार्केट ‘गली इमामबाड़ा’ में चूड़ियों का गोदाम चलाने वाले व्यापारी नितिन गोयल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी सावन से पहले हरी चूड़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है. कारखानों से हरे कांच की चूड़ियां तैयार होकर गोदामों में पहुंच रही हैं, जिसके बाद कारीगर इन पर बेहद खूबसूरत और नई-नई डिजाइनिंग कर रहे हैं. इस बार बाजार में हरी चूड़ियों की 200 से भी ज्यादा नई वैरायटी और डिजाइन उतारे गए हैं. त्योहार के सीजन को देखते हुए बाहर के राज्यों और शहरों के बड़े व्यापारी भी लगातार हरी चूड़ियों के ऑर्डर दे रहे हैं, जिसके चलते स्थानीय दुकानदारों को अभी से लाखों रुपये के एडवांस ऑर्डर मिल चुके हैं.
सिर्फ 70 रुपये से शुरू है चूड़ियों की कीमत
चूड़ी व्यापारियों के अनुसार, सावन के महीने में हरी चूड़ियों को पहनना बेहद शुभ माना जाता है. चूंकि सावन में चारों तरफ प्रकृति की हरियाली बिखरी होती है, इसलिए हरा रंग महिलाओं को सबसे ज्यादा आकर्षित करता है. इस सीजन में बाजार में सबसे ज्यादा मांग हरे रंग की सादी चूड़ियों की होती है, जिन्हें गुच्छे यानी ‘तोड़े’ के रूप में बेचा जाता है. होलसेल मार्केट में इन प्लेन चूड़ियों के एक तोड़े (जिसमें 12 दर्जन चूड़ियां होती हैं) की कीमत करीब 120 रुपये होती है.
फैंसी चूड़ियों का छाया जलवा
इसके अलावा बाजार में इस बार फैंसी चूड़ियों का भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. जरकन, नग और तरह-तरह की कलाकृतियों से सजी इन फैंसी चूड़ियों को महिलाएं बहुत पसंद कर रही हैं. इन फैंसी चूड़ियों की कीमत रिटेल बाजार में 70 रुपये से लेकर 250 रुपये प्रति दर्जन तक जा रही है. कीमत कम और डिजाइन लाजवाब होने के कारण इनकी बिक्री बहुत तेजी से हो रही है. व्यापारियों को पूरी उम्मीद है कि इस बार सावन के सीजन में फिरोजाबाद का चूड़ी कारोबार एक नया रिकॉर्ड बनाएगा.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें