Last Updated:
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में आज यानि 30 जून को मंडल स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता होने वाली है. प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा.
ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध नगर पहली बार मंडल स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है. अब तक यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मेरठ में आयोजित होती थी, लेकिन इस बार खेल विभाग ने इसकी मेजबानी गौतम बुद्ध नगर को सौंपी है. 30 जून को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में मेरठ मंडल के छह जिलों के सैकड़ों तैराक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा.
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि जिले के लिए यह बेहद गौरव का विषय है कि पहली बार मंडल स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन गौतम बुद्ध नगर में किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इससे जिले के खिलाड़ियों को अपने ही शहर में बड़े स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा, वहीं खेल संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी.
बालक और बालिका को प्रतिभा दिखाने का मौका
प्रतियोगिता में मेरठ मंडल के छह जिले गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत और बुलंदशहर के खिलाड़ी भाग लेंगे. प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. आयु वर्ग के अनुसार प्रतियोगिता को अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जूनियर वर्ग के साथ 16 से 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों की भी प्रतियोगिताएं होंगी.
रोमांचक मुकाबला देखने का मौका
डॉ. परवेज अली ने बताया कि प्रतियोगिता में तैराकी की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा. फ्रीस्टाइल में 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर और 1500 मीटर की व्यक्तिगत स्पर्धाएं होंगी. इसके अलावा 4×100 मीटर रिले प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा. ब्रेस्टस्ट्रोक और बटरफ्लाई स्पर्धाओं में 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर की दौड़ें होंगी. इन सभी स्पर्धाओं में मंडल के सर्वश्रेष्ठ तैराक अपनी गति और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे.
स्पर्धाओं के परिणाम घोषित
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता सुबह शुरू होकर देर शाम तक चलेगी. सभी स्पर्धाओं के परिणाम घोषित होने के बाद प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा. चयनित खिलाड़ियों की सूची राज्य स्तरीय चयन समिति को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर वे राज्य स्तर पर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे. खेल विभाग का मानना है कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से मंडल को कई नई और प्रतिभाशाली तैराक मिल सकते हैं.
प्रतियोगिता में ऐसे ले सकते हैं भाग
डॉ. परवेज अली ने यह भी जानकारी दी कि मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के बाद 6 जुलाई से सीनियर वर्ग की तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन भी गौतम बुद्ध नगर में ही किया जाएगा. इसकी मेजबानी भी जिला खेल विभाग करेगा. सीनियर वर्ग में 18 वर्ष से अधिक आयु के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे. उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को केवल अपना आधार कार्ड साथ लाना होगा. जन्मतिथि प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी. विभाग ने खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी तैराकी प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने से जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इससे गौतम बुद्ध नगर में तैराकी खेल को नई गति मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर मंच मिलेगा. साथ ही जिले की खेल अवसंरचना और आयोजन क्षमता को भी प्रदेश स्तर पर नई पहचान मिलेगी.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.