Last Updated:
अयोध्या/लखनऊ. अयोध्या राम मंदिर के बहुचर्चित चंदा चोरी और दान गबन मामले ने अब एक बड़े सियासी संग्राम का रूप ले लिया है. इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को घेरने की कोशिश कर रहे विपक्ष के मंसूबों पर पुलिस-प्रशासन ने पानी फेर दिया है. रामलला के खजाने में कथित लूट के खिलाफ अयोध्या में पदयात्रा और विशाल विरोध प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस और सपा के दिग्गज नेताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर लिया है.
अजय राय अयोध्या के होटल में हुए हाउस अरेस्ट
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने चंदा चोरी के खिलाफ अयोध्या कूच करने और वहां एक बड़ी पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था. इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करने के लिए यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अयोध्या पहुंच गए थे. लेकिन पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए अजय राय को अयोध्या स्थित ‘पदम श्री पैलेस होटल’ (Padam Shri Palace Hotel) में ही हाउस अरेस्ट कर लिया. होटल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और उन्हें किसी से भी मिलने या बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है.
दीपक सिंह, किशोरी लाल और तनुज पुनिया पर भी एक्शन
केवल अजय राय ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के अन्य शीर्ष नेताओं पर भी पुलिस का डंडा चला है. अमेठी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक सिंह को उनके आवास पर ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया है. वहीं, हाल ही में अमेठी से नवनिर्वाचित सांसद किशोरी लाल शर्मा (Kishori Lal Sharma) और बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया को भी उनके घरों में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. प्रशासन का साफ निर्देश है कि कोई भी नेता अयोध्या की सीमा में प्रवेश कर माहौल खराब करने की कोशिश न करे.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…