बदायूं के लोगों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। बदायूं से राजधानी लखनऊ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने को रेलवे मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। मंत्री वर्मा ने बताया कि जल्द ही इस नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बदायूं को लखनऊ से जोड़ने की दिशा में यह एक बड़ी सफलता है, ठीक वैसे ही जैसे पहले दिल्ली के लिए ट्रेन सेवा शुरू की गई थी। प्रस्तावित ट्रेन सुबह 5:25 बजे बदायूं से रवाना होगी और शाम को वापस लौटेगी। इस सेवा से जिले के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। लखनऊ जाने वाले मरीजों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के लिए यह बेहद सुविधाजनक होगी। बीएल वर्मा ने इस रेल सेवा को जिले के विकास में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं के बावजूद बड़ी संख्या में लोग रेल यात्रा को प्राथमिकता देते हैं, क्योंकि यह सुरक्षित, आरामदायक और किफायती माध्यम है। यह ट्रेन जिले की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और विकास की रफ्तार बढ़ाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान बीएल वर्मा ने अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी टिप्पणी की। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा घोटाला मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने कारसेवकों पर गोली चलाई थी और राम मंदिर का विरोध किया था। उन्होंने बताया कि एसआईटी जांच कर रही है और योगी सरकार में गलत काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर उन्होंने कहा कि भाजपा जाति की राजनीति नहीं करती और किसी भी घटना को जातिगत रंग नहीं दिया जाना चाहिए। सरकार गड़बड़ी सामने आने पर निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी।
Source link
बदायूं-लखनऊ सीधी ट्रेन सेवा को मंजूरी:केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने दी जानकारी, सुबह 5:25 पर रवाना होगी