Last Updated:
Bareilly to Jewar Flight: बरेली से जेवर (नोएडा) के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है. 1 जुलाई 2026 से संचालित इस 78 सीटर फ्लाइट से रुहेलखंड सीधे अंतरराष्ट्रीय एविएशन नेटवर्क से जुड़ गया है. इससे क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. यह विमान सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, रविवार) चलेगा, जो मात्र 55 मिनट में सफर पूरा करेगा. इसका शुरुआती किराया करीब 4,300 रुपये है. एयरपोर्ट विस्तार के बाद जल्द ही जयपुर और गुजरात के लिए भी उड़ानें शुरू होंगी.
Bareilly to Jewar Flight: उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है, और अब इसका सीधा लाभ बरेली समेत पूरे रुहेलखंड क्षेत्र को मिलने लगा है. बरेली से नोएडा के जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने के साथ ही यात्रियों के लिए देश और दुनिया तक पहुंच का एक नया रास्ता खुल गया है. यह सेवा केवल एक नई फ्लाइट नहीं, बल्कि व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार भी मानी जा रही है.
1 जुलाई से इंडिगो सेवा का हुआ भव्य शुभारंभ
1 जुलाई 2026 से इंडिगो एयरलाइंस की 78 सीटों वाली विमान सेवा ने बरेली और जेवर के बीच नियमित संचालन शुरू कर दिया. पहली उड़ान के स्वागत के लिए बरेली एयरपोर्ट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां सांसद छत्रपाल गंगवार ने पहली महिला यात्री को बोर्डिंग पास सौंपकर और केक काटकर इस नई सेवा का शुभारंभ किया. पहली उड़ान में यात्रियों ने भी इस नई सुविधा को लेकर उत्साह व्यक्त किया.
अंतरराष्ट्रीय एविएशन नेटवर्क से सीधा जुड़ा बरेली
बरेली अब केवल एक क्षेत्रीय हवाई अड्डा नहीं रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय एविएशन नेटवर्क से सीधे जुड़ गया है. जेवर एयरपोर्ट के माध्यम से यहां के यात्रियों को देश के विभिन्न शहरों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तक भी आसान पहुंच मिलेगी. इससे कारोबारियों, छात्रों, मरीजों और पर्यटकों-सभी को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
हफ्ते में 4 दिन उड़ान, जानें क्या है समय और किराया
यह उड़ान फिलहाल सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार संचालित की जा रही है. बरेली से दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर उड़ान भरने वाला विमान लगभग 55 मिनट में दोपहर 01:00 बजे जेवर पहुंचता है, जबकि वापसी की फ्लाइट सुबह 10:30 बजे जेवर से रवाना होकर 11:20 बजे बरेली पहुंचती है. शुरुआती किराया लगभग 4,300 रुपये के आसपास रखा गया है, जो बुकिंग के समय और उपलब्ध सीटों के अनुसार बदल सकता है.
बरेली एयरपोर्ट का विस्तार: भविष्य में इन शहरों के लिए भी उड़ेंगे विमान
इस बीच बरेली एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. करीब 25 एकड़ अतिरिक्त भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है. भविष्य में रनवे और टर्मिनल सुविधाओं के विस्तार के बाद गुजरात, चेन्नई, जयपुर सहित कई अन्य शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू होने की संभावना है. साथ ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए नियमित उड़ान सेवा भी दोबारा शुरू हो चुकी है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें