उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में हरैया विकास क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जोगापुर में बच्चों के हाथ से कलावा (रक्षासूत्र) उतरवाने का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है. स्कूल के शिक्षक ज्ञान दास पर बच्चों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगा है.
मामला सामने आते ही विश्व हिंदू महासंघ ने तीखा विरोध दर्ज कराते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक को शिकायत पत्र सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.
विश्व हिन्दू महासंघ ने लगाया गंभीर आरोप
विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की मानसिकता बेहद चिंताजनक है. किसी भी कीमत पर बच्चों या किसी भी नागरिक की धार्मिक आस्था का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले आरोपी शिक्षक ज्ञान दास के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
बीएसए ने दिए जांच के आदेश
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं. बीएसए ने दोटूक शब्दों में कहा, “किसी को भी किसी की धार्मिक भावनाएं आहत करने का अधिकार नहीं है. शिक्षा के मंदिर में धार्मिक आधार पर भेदभाव या भावनाओं से खिलवाड़ कतई स्वीकार्य नहीं है.”
उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच शुरू करा दी गई है. यदि जांच में शिक्षक पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी के खिलाफ सेवा नियमावली के तहत कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वही हरैया थाने के प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि तहरीर मिल गई है. आरोपी अध्यापक हिरासत में लिए गए है, मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है. वहीं विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि हिंदू समाज के लोगों को भावनाओं से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जोगापुर प्राइमरी स्कूल की घटना की जानकारी मिली है, इस मामले में पुलिस अधिकारियों से बात कर दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है.