देवरिया में मंगलवार शाम भोजपुर (बिहार) निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई मृत्यु की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। जन कल्याण मंच के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंडल मार्च का नेतृत्व सत्यनारायण मिश्रा ने किया। यह मार्च पोस्टमार्टम चौराहा से शुरू होकर न्यू कॉलोनी स्थित भगत चौराहा तक निकाला गया। प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने जोर दिया कि कानून के शासन में किसी भी संदिग्ध घटना की निष्पक्ष जांच आवश्यक है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। मार्च में शामिल लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखते हुए प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत भरत भूषण तिवारी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई। कैंडल मार्च में अमरेश मिश्रा, आशुतोष, शैलेश, हर्ष पांडेय, विकास मिश्रा, मारकण्डेय पति तिवारी, मारकण्डेय शंकर तिवारी, सभासद मनमोहन मिश्रा, सच्चिदानंद मिश्रा, राज कुमार, विवेक, नागेंद्र तिवारी और ओम प्रकाश तिवारी सहित कई लोग उपस्थित थे। मार्च के समापन पर उपस्थित लोगों ने न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का संकल्प लिया।
Source link
भरत भूषण तिवारी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग:देवरिया में कैंडल मार्च निकालकर न्याय की अपील