Last Updated:
Jaunpur News: यूपी के जौनपुर में एक शादी में घमासान मच गया. दरअसल दूल्हा पक्ष के जेवर कम लाने को लेकर दुल्हन भड़क गई और शादी से इनकार कर दिया. साथ ही दूल्हा और उसके घर वालों के साथ मारपीट बी की गई. आइए आपको पूरा मामला बताते हैं.
दूल्हे और परिजन के साथ मारपीट
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जिला जौनपुर के शाहगंज क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को आई बारात में जेवर कम लाने पर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया. सुलहनामा के बाद विवाद बढ़ने पर वर पक्ष पर हमला कर दिया गया, जिसमें दूल्हा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. गंभीर रूप से घायलों का पीएचसी सोंधी में उपचार के बाद रेफर कर दिया गया. वर पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है.
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के ताखा पश्चिम गांव से क्षेत्र के एक गांव में बारात आई थी. द्वारचार के बाद जयमाल का कार्यक्रम हुआ. ज्यादातर बाराती खाना खाने के बाद घर चले गए. मंडप में शादी की रस्म शुरू हुई. डाल पर दुल्हन के जेवर और कपड़े चढ़ने के बाद डाल घर में गया. मांग के अनुरूप जेवर कम होने पर दुल्हन भड़क गई.
लेन-देन को लेकर बढ़ा विवाद
जेवर कम लाने पर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया. काफी देर तक दुल्हन के मंड़प में न आने पर वर पक्ष को मालूम पड़ा कि शादी नहीं होगी. इससे पहले खाना खाने के बाद बाराती वापस जा चुके थे. मंडप में दूल्हा के अलावा उसके पिता, भाई और मामा समेत अन्य रिश्तेदार थे. दुल्हन के शादी से इनकार करने पर दोनों पक्षों में शादी में खर्च के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया.
दूल्हे के परिवार पर हमला
मामले का हल निकालने को लेकर सुबह तक पंचायत चली. वर पक्ष के अनुसार, खर्च जोड़ने पर दूल्हे की तरफ से 40 हजार रुपए कन्या पक्ष के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया गया. समझौते के बाद कन्या पक्ष से टेंट, जनरेटर के खर्च का एक लाख रुपए और मांग की जाने लगी, जिससे विवाद बढ़ने पर दूल्हा अवधेश राजभर, पिता बंशराज राजभर, भाई राकेश, मामा त्रिवेणी प्रसाद की पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घायल दूल्हा अंबेडकरनगर के एक निजी महाविद्यालय में शिक्षक बताया जा रहा है. दूल्हे का आरोप है कि डाल पर चढ़ाए गए जेवर और बैग में रखे रुपए भी ले लिया गया. मारपीट के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी सोंधी पहुंचाया. थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि शादी में लेन-देन को लेकर को लेकर मारपीट हुई है. वर पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.