हरदोई के लोनार कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में बुधवार की दोपहर एक बुजुर्ग महिला की सीढ़ियों से गिरकर मौत हो गई। 65 वर्षीय महिला मक्का सुखाकर छत से लौट रही थीं। उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां दोपहर 2 बजे मृत घोषित कर दिया गया। गोविंदपुर निवासी हाकिम सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके तीन बेटे और एक बेटी है। तीनों बेटे आजीविका के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं, जबकि उनकी दो बहुएं गांव में पड़ोस के घरों में रहती हैं। हाकिम सिंह और उनकी 65 वर्षीय पत्नी बिटाना देवी गांव के एक अलग मकान में अकेले रहते थे।
बुधवार को घर में कोई नहीं था, तभी बिटाना देवी छत पर मक्का सुखाने के लिए गई थीं। मक्का डालकर वापस लौटते समय सीढ़ियों पर अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गईं। कुछ देर बाद जब उनके बड़े बेटे सुनील की पत्नी सरिता घर पहुंचीं, तो उन्होंने सास बिटाना देवी को सीढ़ियों के नीचे चौकी के पास लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। हादसे की जानकारी मिलते ही छोटे बेटे रोहित की पत्नी कोमल और अन्य परिजन बिटाना देवी को बावन रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां दोपहर ठीक 2:00 बजे डॉक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने अपनी आपसी सहमति से मृतका का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ घर ले गए। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि स्थानीय पुलिस को जैसे ही इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त होगी, नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link