मथुरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मांट तहसील के बाजना क्षेत्र स्थित डेयरियों का निरीक्षण कर पनीर और दूध के नमूने एकत्र किए। अभियान के दौरान टीम ने सबसे पहले तन्वी डेयरी का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार डेयरी में पनीर निर्माण की प्रक्रिया स्वच्छ परिस्थितियों में संचालित होती मिली। इसके बावजूद गुणवत्ता की पुष्टि के लिए पनीर और मिश्रित दूध का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। बजरंग डेयरी से भी लिया गया पनीर का सैंपल इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने बजरंग डेयरी, बाजना पहुंचकर वहां से भी पनीर का नमूना लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाएगा। यदि किसी नमूने में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता सहायक आयुक्त जतिन कुमार सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि त्योहारों और बढ़ती मांग के दौरान दुग्ध उत्पादों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। जांच अभियान रहेगा जारी इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम नरेश सिंह, अरुण राणा और धर्मेंद्र सिंह भी शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद भर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच, निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Source link
मथुरा में डेयरियों पर खाद्य विभाग की छापेमारी:पनीर और दूध के नमूने जांच के लिए भेजे