हज-2027 पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी दिशा निर्देश के मुताबिक इसके आवेदन 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक हज कमेटी की वेबसाइट और ”हज सुविधा” मोबाइल एप के माध्यम से किए जा सकेंगे।
हज कमेटी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जुलाई के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन (कुरआ) किया जाएगा। अस्थायी रूप से चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी प्रकार की छूट या अवधि बढ़ाने का प्रावधान नहीं होगा।
उत्तर प्रदेश हज कमेटी के सचिव मोहम्मद तारिक ने बताया कि आवेदन के लिए मशीन-पठनीय भारतीय पासपोर्ट (जो आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी हो चुका हो और कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक वैध हो), पासपोर्ट आकार का नवीन फोटो, बैंक पासबुक या निरस्त चेक तथा पते के प्रमाण की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा। मोबाइल से खींची गई तस्वीरें स्वीकार नहीं की जाएंगी।
हज कमेटी ने यात्रियों से आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देश और घोषणापत्र ध्यान से पढ़ने तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही हज सीट निरस्त करने से बचने की सलाह दी गई है। समिति का कहना है कि सीट रद्द होने से यात्रा व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए हज-2027 की नीति के अनुसार सीट निरस्तीकरण पर निर्धारित दंड भी लगाया जाएगा।
लगातार बढ़ रही प्रदेश में हज यात्रियों की संख्या
प्रदेश में हज पर जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बताया जाता है कि वर्ष 2024 में करीब 13 हजार हज यात्री सऊदी अरब गए थे। हज-2025 में करीब 14 हजार से अधिक और 2026 में 18065 हज यात्रियों ने हज किया। वर्ष -2027 के लिए राज्यवार अंतिम कोटा और चयनित यात्रियों की संख्या केंद्र सरकार और हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा बाद में जारी की जाएगी।