Last Updated:
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हादसा हो गया. इस दर्दनाक हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई. तेज रफ्तार बस कार में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई. इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई.
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा
उन्नावः उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा हो गया. तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर कार में टक्कर मारते हुए खंती में पलट गई. इस हादसे में कार में सवार 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं खंती में बस पलटने से 5 से ज्यादा सवारियां भी चोटिल हो गईं. वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया. घटनास्थल से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया गया. पुलिस ने शवों को सीएचसी पहुंचवाया. बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के 230.800 माइल स्टोन पर यह भीषण हादसा हुआ है. मृतकों की पहचान 6 वर्षीय दिव्या, 40 वर्षीय अंजू, 13 वर्षीय अमृता, 60 वर्षीय धुनमुन और 45 वर्षीय चालक विनोद के रूप में हुई है.
पुलिस ने हादसे की दी जानकारी
पुलिस ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया, ‘आज दिनांक 01.07.2026 को थाना बांगरमऊ क्षेत्रांतर्गत आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किमी संख्या 230.800 के पास बस संख्या बीआर06 पीएफ 1024, जो हरियाणा से बिहार जा रही थी, उसके चालक को नींद आ जाने के कारण अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस वे से उतर कर खंती में पलट गयी एवं पलटते वक्त बस द्वारा कार यूपी58 एके 3461 जो लखनऊ से आगरा की तरफ जा रही थी, उसमें भी टक्कर मार दी गयी, जिससे कार सवार 05 लोगों की मृत्यु हो गयी एवं कार सवार 04 एवं बस सवार 04 लोग घायल हो गये हैं. प्राप्त सूचना पर थाना बांगरमऊ पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पँहुच कर सभी घायलो को सीएचसी बांगरमऊ भर्ती कराया गया, जहाँ से उन्हे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है एवं मृतको के शवों को कब्जे मे लेकर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है.
सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. CM ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. CM ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के दिए निर्देश. CM ने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश. CM योगी ने की घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना.
About the Author

Prashant Rai am currently working as Chief Sub Editor at News18 Hindi Digital, where he lead the creation of hyper-local news stories focusing on politics, crime, and viral developments that directly impact loc…और पढ़ें