लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव में बागपत का प्रसिद्ध रटौल आम एक बार फिर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पिछले वर्ष प्रथम स्थान हासिल करने वाला रटौल आम इस बार भी अपनी खास मिठास और सुगंध के कारण लोगों का ध्यान खींच रहा है। बागपत के आम उत्पादक विभिन्न किस्मों के आमों के साथ प्रदर्शनी में हिस्सा ले रहे हैं। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 2 से 5 जुलाई तक आयोजित आम महोत्सव में देश-प्रदेश के आम उत्पादक अपनी-अपनी विशेष किस्मों के आमों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शनी में बागपत के रटौल गांव के आम उत्पादक भी अपने प्रसिद्ध रटौल आम के साथ शामिल हुए हैं। रटौल निवासी आम उत्पादक हबीब खान ने बताया कि उन्होंने प्रदर्शनी में रटौल, मखसूस और हाथी झूल किस्म के आमों का स्टॉल लगाया है। महोत्सव में आने वाले लोग रटौल आम के बारे में विशेष रुचि दिखा रहे हैं और इसके स्वाद व विशेषताओं की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी बागपत के रटौल आम ने इस प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस बार भी उन्हें उम्मीद है कि रटौल आम अपनी गुणवत्ता और स्वाद के दम पर बेहतर प्रदर्शन करेगा। रटौल आम अपनी अनूठी मिठास, सुगंध और स्वाद के कारण देश ही नहीं, विदेशों तक अपनी अलग पहचान बना चुका है। आम के मौसम में देश के विभिन्न राज्यों से लोग बागपत पहुंचकर इसका स्वाद लेते हैं। विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग विशेष रूप से रटौल आम खरीदने और चखने आते हैं। बागपत का रटौल आम जनपद की पहचान बन चुका है और लखनऊ आम महोत्सव में भी इसे खूब सराहना मिल रही है। आयोजकों का कहना है कि महोत्सव में विभिन्न राज्यों की दुर्लभ और पारंपरिक आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमें रटौल आम प्रमुख आकर्षणों में शामिल है।
Source link
आम उत्पादक लखनऊ महोत्सव में बागपत का रटौल आम:पिछले साल जीता था पहला स्थान, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 2-5 जुलाई तक महोत्सव आयोजित