उन्नाव में सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने रविवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उसकी उपलब्धियों का उल्लेख किया। साथ ही, बांगरमऊ क्षेत्र में हुई संत की हत्या के मामले में उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने 12 वर्ष के कार्यकाल को “सेवा, सुशासन और जन कल्याण” को समर्पित किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित होने की बात कही और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार द्वारा जनता का विश्वास जीतने का जिक्र किया। उन्होंने मोदी सरकार के कार्यकाल में देशभर में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्नाव जिले का उदाहरण देते हुए उन्होंने एक्सप्रेस-वे, सड़क निर्माण और बिजली व्यवस्था में हुए सुधारों का उल्लेख किया। सांसद ने बताया कि उन्नाव प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में देश के अग्रणी जिलों में शामिल रहा है। बांगरमऊ क्षेत्र में संत मिलनदास की हत्या को लेकर सांसद साक्षी महाराज ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आक्रोश पैदा करने वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने धार्मिक गतिविधियों का विरोध करते हुए पहले भी विवाद किए थे। सांसद ने बताया कि संबंधित संत पर पूर्व में भी हमला हुआ था, जिसके बाद उन्होंने अपनी जमीन पर मंदिर बनाकर पूजा-पाठ शुरू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें धमकियां दी थीं और अंततः उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। सांसद ने स्पष्ट किया कि हत्या में केवल चार-पांच लोग ही नहीं, बल्कि यदि कोई बड़ा षड्यंत्र सामने आता है तो उसमें शामिल सभी आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
Source link
उन्नाव में साक्षी महाराज ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं:संत हत्याकांड पर बोले, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई