डेरापुर-चिलौली मार्ग पर शनिवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में डिलीवरी बॉय समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूरा भेजा, लेकिन रास्ते में दो घायलों ने दम तोड़ दिया। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
रूरा थानाक्षेत्र के डेरापुर-चिलौली मार्ग पर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में हसनापुर गांव निवासी सूर्यभान सिंह (32), जो एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था, तथा शिवली थाना क्षेत्र के बलुआपुर गांव निवासी कमल दोहरे (33) गंभीर रूप से घायल हो गए। कमल की बाइक पर पीछे बैठे रामपाल (42) निवासी बलुआपुर भी हादसे में घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूरा भेजा।