कानपुर: भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) ने कानपुर को एक बड़ी सौगात दी है. लंबे समय से चर्चा में रहा देश का पहला असिस्टिव टेक्नोलॉजी मार्ट (एटी मार्ट) शहर में शुरू हो गया. मोतीझील मेट्रो स्टेशन के पास बेनाझाबर क्षेत्र में खुले इस केंद्र से अब दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक और आम लोग अपनी जरूरत के सहायक उपकरण आसानी से खरीद सकेंगे. इससे लोगों को एलिम्को के मंधना स्थित केंद्र तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और शहर के बीचोंबीच ही सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी.
एलिम्को के अधिकारियों का कहना है कि इस केंद्र का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के उपकरण आसानी से उपलब्ध कराना है. यहां आने वाले लोग न केवल उपकरण खरीद सकेंगे, बल्कि उन्हें अपनी जरूरत के अनुसार सही उपकरण चुनने में विशेषज्ञों की सलाह भी मिलेगी.
डेढ़ साल की मेहनत का परिणाम है मार्ट
एलिम्को के सीएमडी प्रवीण कुमार ने बताया कि देश के पहले एटी मार्ट की परिकल्पना करीब डेढ़ से दो वर्ष पहले की गई थी. इसे आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया गया और अब यह सपना साकार हो गया है. उन्होंने कहा कि एलिम्को पिछले 54 वर्षों से दिव्यांगजनों के लिए उपकरण तैयार कर रहा है और आज उसके उत्पाद देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि वर्तमान में एलिम्को करीब 250 प्रकार के सहायक उपकरण तैयार कर रहा है. कानपुर में एटी मार्ट की सफलता के बाद देश के अन्य शहरों में भी इसी तरह के केंद्र स्थापित किए जाएंगे ताकि जरूरतमंद लोगों को उनके शहर में ही सुविधाएं मिल सकें.
आधुनिक उपकरणों से होगा लैस
एटी मार्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है. यहां उत्पाद प्रदर्शन क्षेत्र, ऑडियोमेट्री कक्ष, अनुभव क्षेत्र, मूल्यांकन एवं परामर्श कक्ष, बिलिंग और ग्राहक सेवा काउंटर के साथ सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की गई है.केंद्र में आने वाले लोग पहले उपकरणों को देख और समझ सकेंगे. इसके बाद विशेषज्ञों की सलाह लेकर अपनी जरूरत के अनुसार सही उत्पाद का चयन कर पाएंगे. इससे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को काफी सहूलियत मिलेगी.
एटी मार्ट में मैनुअल और इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, छड़ी, टेट्रापॉड, ट्राइपॉड, विभिन्न प्रकार की बैसाखियां, आधुनिक हियरिंग एड्स और दृष्टिबाधित लोगों के लिए विशेष उपकरण उपलब्ध हैं. इसके अलावा मायो इलेक्ट्रिक हाथ, व्यक्तिगत जरूरत के अनुसार प्रोस्थेसिस और ऑर्थोसिस जैसे आधुनिक उपकरण भी यहां से खरीदे जा सकेंगे. एलिम्को के अनुसार सभी उत्पाद सरकारी दरों पर उपलब्ध होंगे, जिससे लोगों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उपकरण मिल सकेंगे.
फ्रेंचाइजी मॉडल पर होगा संचालन
सीएमडी प्रवीण कुमार ने बताया कि कानपुर में एटी मार्ट का संचालन फ्रेंचाइजी मॉडल पर किया जा रहा है. इसके लिए एलिम्को ने हंस एनर्जी लिमिटेड के साथ एमओयू किया है. इस मॉडल के जरिए देश के विभिन्न शहरों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे दिव्यांगजनों तक सुविधाएं तेजी से पहुंच सकें. उन्होंने कहा कि एलिम्को का लक्ष्य केवल उपकरण बनाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाना है. देश के पहले एटी मार्ट की शुरुआत कानपुर से होना शहर के लिए गर्व की बात है.