किडनी की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कानपुर और आसपास के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब मरीजों को डायलिसिस के लिए लंबी वेटिंग या निजी सेंटरों के महंगे इलाज का सामना नहीं करना पड़ेगा। कानपुर के लाला लाजपत राय (LLR) अस्पताल के मेडिसिन विभाग में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी 30 बेड की डायलिसिस यूनिट बनने जा रही है। इस नई यूनिट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि सामान्य मरीजों के साथ-साथ हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और HIV संक्रमित किडनी मरीजों के लिए भी अलग बेड आरक्षित किए जाएंगे। इससे संक्रमण से जूझ रहे गंभीर मरीजों को डायलिसिस के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। KGMU से भी बड़ी होगी कानपुर की यूनिट फिलहाल उत्तर प्रदेश में लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में पीपीपी मॉडल पर 23 बेड की डायलिसिस यूनिट संचालित हो रही है, जिसे अब तक राज्य की सबसे बड़ी यूनिट्स में गिना जाता है। लेकिन जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत LLR अस्पताल में बनने वाली यह 30 बेड की यूनिट उससे भी बड़ी होगी। यह पूरी परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार की जा रही है। इसके लिए डायरेक्टर जनरल ऑफ मेडिकल एजुकेशन (DGME) को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अंतिम मंजूरी मिलते ही निर्माण और संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अभी सिर्फ 6 बेड के सहारे चल रहा काम जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला के मुताबिक, वर्तमान में मेडिसिन विभाग में केवल 6 बेड का डायलिसिस सेंटर संचालित हो रहा है। अस्पताल में रोजाना 20 से अधिक गंभीर मरीज डायलिसिस के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सीमित बेड होने की वजह से कई मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ता है। मजबूरी में मरीजों को उर्सुला अस्पताल या निजी डायलिसिस सेंटरों का सहारा लेना पड़ता है। निजी अस्पतालों में एक बार डायलिसिस कराने पर मरीजों को 1000 से 1500 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह खर्च लगातार उठाना काफी मुश्किल हो जाता है। सरकारी दरों पर मिलेगी बेहतर सुविधा किडनी रोगियों की बढ़ती संख्या और उनकी परेशानी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डीजीएमई को दोबारा पत्र भेजकर जल्द मंजूरी देने की मांग की है। इस अत्याधुनिक 30 बेड डायलिसिस यूनिट के शुरू होने के बाद मरीजों को लंबी वेटिंग से राहत मिलेगी। साथ ही सरकारी दरों पर बेहतर और आधुनिक डायलिसिस सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसका सबसे ज्यादा फायदा उन मरीजों और परिवारों को मिलेगा, जो निजी अस्पतालों का भारी खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।
Source link
कानपुर में बनेगी यूपी की सबसे बड़ी डायलिसिस यूनिट:LLR अस्पताल में 30 बेड की सुविधा, HIV और हेपेटाइटिस मरीजों के लिए अलग व्यवस्था