लखनऊ के कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग ने अस्तित्व फाउंडेशन के सहयोग से लिम्फेडेमा की रोकथाम और उपचार के लिए मुफ्त विशेष ओपीडी शुरू की है। संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने इसका उद्घाटन किया। पहले ही दिन 30 से अधिक स्तन कैंसर मरीजों का पंजीकरण कर उनका इलाज शुरू किया गया। मरीजों को मिलेंगी मुफ्त सुविधाएं विशेष ओपीडी में मरीजों को नि:शुल्क प्रेशर स्टॉकिंग्स और ब्रेस्ट प्रोस्थेसिस उपलब्ध कराए गए। संस्थान का उद्देश्य स्तन कैंसर की सर्जरी के बाद होने वाली जटिलताओं से मरीजों को समय पर राहत दिलाना है। क्या है लिम्फेडेमा? निदेशक डॉ.एमएलबी भट्ट ने बताया कि स्तन कैंसर की सर्जरी या रेडियोथेरेपी के बाद लिम्फेडेमा एक सामान्य जटिलता है। इसमें हाथ या शरीर के प्रभावित हिस्से में लिम्फ द्रव जमा होने से सूजन, दर्द, जकड़न और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। समय पर इलाज न मिलने पर मरीज की रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित होने लगती हैं। समय पर इलाज से मिल सकती है राहत उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम, हाथ को चोट और संक्रमण से बचाना, वजन नियंत्रित रखना, समय-समय पर जांच कराना और शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने से लिम्फेडेमा की गंभीरता को काफी हद तक रोका जा सकता है। जीवन गुणवत्ता बेहतर बनाने की पहल चिकित्सा अधीक्षक डॉ.वरुण विजय ने कहा कि यह विशेष ओपीडी मरीजों को बीमारी की पहचान, बचाव और आधुनिक उपचार की जानकारी देकर उनकी जीवन गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद करेगी। कार्यक्रम में डीन डॉ. प्रमोद गुप्ता सहित अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहे।
Source link
कैंसर संस्थान में लिम्फेडेमा के इलाज के लिए OPD शुरू:स्तन कैंसर मरीजों को निशुल्क प्रेशर स्टॉकिंग्स और ब्रेस्ट प्रोस्थेसिस भी मिलेंगे