गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। पीड़ित चंदन यादव ने आरोप लगाया कि जमीन की पैमाइश के दौरान विवाद बढ़ा। जिसके बाद पुलिस उसे पकड़कर चौकी और थाने ले गई। वहां पर युवक को बेरहमी से पीटा गया। कई अंगों पर गहरी चोटें आई हैं। शिकायत के बाद एसपी सिटी निमिष पाटील ने संज्ञान लिया है। मंगलवार की रात करीब 11 बजे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मामले में सीओ कोतवाली को जांच के निर्देश दिए गए हैं। एसपी सिटी ने कहा कि जांच में जो पुलिस कर्मी संदिग्ध पाए जाएंगे, उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है। जानिए पूरा मामला…
तिवारीपुर थाना क्षेत्र की डोमिनगढ़ चौकी अंतर्गत मंझरिया गांव के रहने वाले विवेक यादव पुत्र जर्नादन यादव ने बताया कि 28 जून की दोपहर करीब 12 बजे लेखपाल और कानूनगो पुलिस की मौजूदगी में उनके बगलगीर की जमीन की पैमाइश करा रहे थे। उनका दावा है कि उक्त जमीन पर दीवानी न्यायालय का स्टे ऑर्डर है। पैमाइश के समय उनके घर पर कोई मौजूद नहीं था। विवेक के अनुसार, वह गैस एजेंसी से सिलिंडर लेकर घर लौटे तो देखा कि पुलिस और प्रशासन की टीम उनके खेत में करीब 30 फीट अंदर पत्थर गाड़ रही थी। उन्होंने पैमाइश के दौरान अपनी मौजूदगी नहीं होने का हवाला देते हुए दोबारा नाप कराने की मांग की। आरोप है कि इसी बात को लेकर डोमिनगढ़ चौकी इंचार्ज और पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। रास्ते में भी लात-घूंसों से पीटने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे गाड़ी से चौकी ले गए और रास्ते में भी लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद चौकी में लाठी और पट्टे से मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि मारपीट में दो दरोगा और छह सिपाही शामिल थे। देर रात थाने ले जाकर भी पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। अगले दिन शांति भंग का चालान किया
विवेक का कहना है कि सोमवार की सुबह उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया। देर शाम जमानत पर छूटने के बाद उसने कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मंगलवार सुबह वह परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। सरकारी कामों में बाधा पहुंचाने का आरोप
वहीं, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि पैमाइश के दौरान चंदन यादव ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और लगाए गए पैमाइश के पत्थर को उखाड़ दिया, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बनी। अधिकारियों के अनुसार उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सीओ कोतवाली को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
गोरखपुर में पुलिस पर युवक को बेहरहमी से पीटा, आरोप:वीडियो वायरल, SP सिटी ने CO कोतवाली को जांच के निर्देश दिए