चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नई रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ किया गया है। रविवार को भाजपा विधायक सुशील सिंह ने यूपी-बिहार सीमा पर स्थित नौबतपुर से वाराणसी और पड़ाव क्षेत्र के लिए दो रोडवेज बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस सेवा के माध्यम से यात्रियों को प्रतिदिन चार चक्कर लगाकर 55 रुपये में वाराणसी तक की सुविधा मिलेगी। विधायक सुशील सिंह ने बताया कि वाराणसी जाने में जनता को हो रही समस्याओं को देखते हुए परिवहन मंत्री से अनुमति मिलने के बाद इस सेवा की शुरुआत की गई है। वर्तमान में नौबतपुर से वाराणसी के लिए प्रतिदिन दो बसें संचालित होंगी। इनमें पहली बस सुबह आठ बजे नौबतपुर से रवाना होगी और सैयदराजा, चंदौली, मुगलसराय होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इसके लगभग आधे घंटे बाद दूसरी बस उसी मार्ग पर नौबतपुर के लिए प्रस्थान करेगी।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में कुल छह नई बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें से दो बसें नौबतपुर से वाराणसी के लिए, दो बसें धानापुर से पड़ाव क्षेत्र के लिए और एक बस कमालपुर से पड़ाव के लिए निर्धारित की गई है। धानापुर से चलने वाली बस सोमवार को सुबह आठ बजे शहीद स्मारक से संचालित की जाएगी। सहायक क्षेत्रीय रोडवेज प्रबंधक विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इन बसों का संचालन तीन डिपो से किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने यात्रियों को यह सुनिश्चित किया है कि यह बस सेवा निर्धारित रूप से निरंतर संचालित रहेगी और नियमित सुविधा प्रदान करेगी। इस अवसर पर बरहनी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, आभा जायसवाल, विपिन सिंह, भगवती तिवारी, रमेश राय, अमित अग्रहरी, अरुण मौर्य और धीरज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Source link
चंदौली में नई रोडवेज बस सेवा शुरू:नौबतपुर से वाराणसी और पड़ाव के लिए दो बसें रवाना