अम्बेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र का मीरानपुर (मुरादाबाद) मोहल्ला अब भी सन्नाटे में डूबा हैं। जिस घर में यह वारदात हुई, उसके बाहर पुलिस की निगरानी बनी हुई है। पड़ोसियों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह से ही घर असामान्य रूप से बंद था। दोपहर करीब 3 बजे जब पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची, तो चारों बच्चे शफीक (14) सउद (10) उमर (8) और सादिया (7) बेड पर खून से लथपथ पड़े मिले। सूत्रों के अनुसार जांच में यह बात सामने आ रही है कि बच्चों को मारने से पहले इनकी मां ने पहले जहर दिया और फिर ईंट से मारकर हत्या कर दी। कमरे में उल्टी के निशान भी मिले है। जिससे यह आशंका जाहिर हो रही है कि हत्या से पहले बच्चों को जहर दिया गया, जिससे वह बेहोश हो सके और आसानी से वारदात को अंजाम दिया जा सके। हालांकि पुलिस ने अभी इस पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही इस हत्याकांड की एक और बड़ी कड़ी पारिवारिक विवाद से जुड़ती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि महिला गाजिया का पति नियाज कई साल से सऊदी अरब में रह रहा है। सूत्रों की मानें तो उसने वहां एक पाकिस्तानी महिला से दूसरी शादी कर ली थी। इस बात को लेकर उसकी पत्नी मानसिक रूप से बेहद परेशान थी और घर में लंबे समय से तनाव का माहौल था। पुलिस को शक है कि इसी मानसिक दबाव और पारिवारिक कलह ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया। वारदात के बाद आरोपी मां बालकनी से कूदकर फरार हो गई, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। आसपास के इलाकों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी गई है। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है चाहे वह पारिवारिक विवाद हो, प्रॉपर्टी का मामला या फिर अन्य कोई कारण। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी मां की गिरफ्तारी पर टिकी है, जिससे इस हत्याकांड की असली वजह सामने आ सके।
Source link
पहले जहर दिया, फिर ईंट से कूचकर कर की हत्या:अम्बेडकरनगर में मां चार बेटों की हत्या के बाद से फरार, सऊदी में पति ने की है पाकिस्तानी महिला से शादी