बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र में जगदीशपुर निवासी व्यापारी उमेश अग्रहरि की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गरमा गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन व्यापारी नेता जगदीश अग्रहरि के नेतृत्व में दिया गया। परिजनों ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि मृतक उमेश अग्रहरि ने कुछ साल पहले व्यापार और मकान के लिए ब्याज पर कर्ज लिया था। परिवार का दावा है कि मूल राशि के साथ काफी अधिक रकम चुकाने के बावजूद उनसे लगातार और पैसे की मांग की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और लगातार दबाव व धमकियों का सामना करना पड़ा। मृतक के पुत्र राहुल अग्रहरि ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आर्थिक और मानसिक दबाव के कारण उनके पिता अत्यधिक तनाव में रहने लगे थे। परिवार का आरोप है कि लगातार उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी कार्यालय पहुंचे व्यापारियों ने इस घटना पर जिले के व्यापारी वर्ग में गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यापारी को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े। व्यापारी नेता जगदीश अग्रहरि ने पीड़ित परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source link
बस्ती में व्यापारी की संदिग्ध मौत, कर्ज का आरोप:व्यापारियों ने एसपी कार्यालय में निष्पक्ष जांच की मांग की