औराई विकासखंड क्षेत्र के सवरा रघुनाथपुर गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गाटा संख्या 312 की पैमाइश के बाद सड़क निर्माण के लिए जगह चिन्हित की गई थी, लेकिन इसके बावजूद ग्राम प्रधान द्वारा मिट्टी का कार्य नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण न होने के कारण किसान चक मार्ग को अपने खेतों में जोतकर बुवाई कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग चक मार्ग पर ही निर्माण कार्य कर रहे हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खड़ंजा डालने का कार्य कराया जाए ज्ञापन में यह भी बताया गया कि इसी मार्ग से बच्चे स्कूल जाते हैं। बरसात के मौसम में पानी भरने पर बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत होगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त चक मार्ग पर तत्काल मिट्टी और खड़ंजा डालने का कार्य कराया जाए। इस अवसर पर राजेश कुमार, उमेश चंद, किशन, अश्वनी कुमार, रवीश, मनीष कुमार, आशु, किरण देवी, शीला, बिंदु, मालती, राजकुमारी सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link
भदोही में सीमांकन के बाद भी नहीं बना रास्ता:ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर लगाया आरोप, डीएम को सौंपा ज्ञापन