Last Updated:
Mau News: वलिदपुर नगर पंचायत के वार्ड 3 में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के दावों की पोल खुल गई है. तालाब की सफाई और नाले का निर्माण न होने से गंदा पानी लोगों के घरों, आंगनों और शौचालयों में घुस चुका है. 10 बार शिकायत के बाद भी चेयरमैन और प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली, जिससे नाराज स्थानीय लोगों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है. मामले पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने अधिशासी अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
Mau News: एक तरफ सरकार ‘स्वच्छ भारत, सुंदर भारत’ की योजना चलाकर प्रत्येक नगर पंचायत व गांव को सुंदर बनाने का कार्य कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के वलिदपुर नगर पंचायत में इस योजना की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. यहां तालाब की साफ-सफाई न होने और नाले का निर्माण न होने की वजह से तालाब का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है. आइए जानते हैं कि इस बदहाली को लेकर स्थानीय लोग क्या कुछ कह रहे हैं और प्रशासन का इस पर क्या रुख है.
मोहल्ले वासियों के घरों के अंदर तक घुसा तालाब का गंदा पानी
लोकल 18 से बात करते हुए मोहम्मद एस्लामुद्दीन बताते हैं कि वलिदपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3, कोईपूरा मोहल्ला में लगभग एक महीने से लोगों के घरों में तालाब का गंदा पानी जा रहा है, जिससे निकल रही दुर्गंध से सभी को काफी परेशानियां हो रही हैं. इस समस्या की शिकायत लगभग 10 बार नगर पंचायत में की गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई. आज स्थिति यह है कि लोग अपने घरों में पानी का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं और न ही बाथरूम और शौचालय का प्रयोग कर पा रहे हैं, क्योंकि नाले के सहारे गंदा पानी लोगों के घरों के अंदर तक घुस गया है. इससे भयंकर दुर्गंध निकल रही है और कई प्रकार की बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है. यदि यह समस्या जल्द दूर नहीं की गई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
1 महीने से घर के अंदर बह रहा नाले का गंदा पानी
मोहम्मद साजिद बताते हैं कि उनके घर के अंदर नाले के सहारे गंदा पानी जाकर आंगन में जमा हो गया है. इस गंदे पानी से निकल रही दुर्गंध से पूरे घर के सदस्य परेशान हैं. इस समस्या की शिकायत लगभग 8 से 10 बार नगर पंचायत में की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन देकर छोड़ दिया जा रहा है. स्थिति यह हो गई है कि इस दुर्गंध से कई बीमारियां फैल रही हैं. आंगन में ही पानी जमा होने की वजह से नल का प्रयोग नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण बाहर से पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है. पानी सिर्फ आंगन में ही नहीं बल्कि शौचालय तक में घुस गया है और वहां से बाहर निकल रहा है, जिसकी वजह से अब शौचालय के लिए भी बाहर जाना पड़ रहा है. तमाम समस्याएं हैं, लेकिन नगर पंचायत में शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है.
10 बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समस्या का समाधान
इजहारुलहक समेत अन्य मोहल्ले वासियों ने बताया कि यह मोहल्ले वासियों के लिए पानी निकालने का पोखरा (तालाब) है, और पोखरे में पानी अधिक भर जाने की वजह से तथा कहीं निकासी न होने के कारण यह समस्या आ रही है. लोगों के घरों में तो पानी घुस ही रहा है, साथ ही सीलन की वजह से पानी उनके घर के ऊपर छतों तक पहुंच रहा है, जिससे तमाम समस्याएं आ रही हैं. क्षेत्र में कई बीमारियां फैल रही हैं और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं खड़ी हो रही हैं. दुर्गंध से लोगों का खाना-पीना मुश्किल हो गया है. समस्या इतनी जटिल हो गई है कि लोग त्रस्त हैं, लेकिन नगर पंचायत द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.
चुनाव जीतने के बाद कभी मोहल्ले में नहीं आईं चेयरमैन
मोहल्ले वासियों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद अध्यक्ष (चेयरमैन) कभी मोहल्ले में नहीं आती हैं. उनके लड़के ही आते हैं और वह भी केवल आश्वासन देकर चले जाते हैं. कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक इस समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसका नतीजा यह है कि अब लोगों के घरों के अंदर तक गंदे तालाबों का पानी जा रहा है. यदि इस समस्या को तुरंत दूर नहीं किया गया, तो यह जन-आंदोलन और तेज किया जाएगा.
उप जिलाधिकारी बोलीं- जल्द होगा समस्या का समाधान
इस पूरे मामले पर उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि यह समस्या आज ही उनके संज्ञान में आई है. संबंधित अधिकारी और अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया जा रहा है कि लोगों के घरों में पानी पहुंचाने वाले इस तालाब की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए. इसके साथ ही नाले का पानी लोगों के घरों से बाहर निकाला जाए, ताकि उनकी समस्या का जल्द से जल्द और स्थायी समाधान हो सके.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें